अंतर्राष्ट्रीय बाल दिवस पर पोस्टर व निबंध प्रतियोगिताओं में लिया बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग; सुरक्षा एवं सहभागिता के प्रति किया जागरूक
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/ कमलेश जैन)अंतर्राष्ट्रीय बाल दिवस के अवसर पर 20 नवंबर को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिचगांव में मीना-राजू मंच के बच्चों के साथ बाल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन शिव शिक्षा समिति राणोली एवं कवच परियोजना अलवर के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य रूपचंद मीना एवं मीना-राजू मंच प्रभारी बीना शर्मा के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को मीना-राजू मंच की गतिविधियों एवं बाल अधिकारों के महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों को शिक्षा का अधिकार, सुरक्षा का अधिकार, समानता का अधिकार तथा अपनी बात रखने एवं सहभागिता करने के अधिकार के बारे में विस्तार से बताया गया।
उन्हें समझाया गया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित एवं खुशहाल बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है।कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण एवं बाल हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करते हुए इनकी रोकथाम में बच्चों की भूमिका पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इनमें पोस्टर प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, खेलकूद एवं अन्य शैक्षिक गतिविधियां शामिल रहीं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। साथ ही बच्चों को बाल अधिकारों के संरक्षण, आपसी सहयोग, शिक्षा के प्रति जागरूकता तथा बाल हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक देवेंद्र कुमार मेहरा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए। बच्चे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगे, तभी वे अपने सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे। उन्होंने कहा कि मीना-राजू मंच बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति एवं बाल अधिकारों की समझ विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य रूपचंद मीना एवं मीना-राजू मंच प्रभारी बीना शर्मा ने बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के व्याख्याताओं एवं शिक्षकगणों की सक्रिय सहभागिता रही।

