10 माह पहले अतिक्रमण हटाया, पर नाला बनाना भूला प्रशासन: लक्ष्मणगढ़ के मालाखेड़ा रोड पर जलभराव, संक्रामक रोगों का मंडराया खतरा
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन
कस्बे के मालाखेड़ा रोड स्थित नए बस स्टैंड से लेकर कैलाश साहू की चक्की तक सड़कों पर नाली का गंदा पानी बहने से लोगों का घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, करीब दस माह पूर्व नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर इस मार्ग पर तोड़फोड़ तो कर दी, लेकिन नाले का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया। इसके चलते अब यहां जलभराव की स्थिति विकट रूप ले चुकी है।
सफाई में लापरवाही और अटी नालियों से बढ़ी समस्या कॉलोनी की नालियां गाद और कचरे से अटी पड़ी हैं और आगे पानी निकासी का मार्ग भी बंद है। लोगों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होती और यदि कभी सफाईकर्मी आते भी हैं, तो निकाली गई गाद को सड़क किनारे ही छोड़कर चले जाते हैं, जो कुछ दिनों बाद वापस नालियों में गिर जाती है। गंदे पानी के भराव के कारण सड़कें टूटने लगी हैं और जिन घरों का स्तर सड़क से नीचा है, उनके भीतर गंदा पानी घुस रहा है।
संक्रामक रोगों का खतरा, राहगीर परेशान सड़क पर हर समय गंदगी और बदबू फैलने से क्षेत्र में संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ गई है। सबसे अधिक परेशानी पैदल राहगीरों को उठानी पड़ रही है, जिन पर वाहनों के गुजरने से गंदे पानी के छींटे पड़ते हैं।
स्थायी समाधान की मांग स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड पार्षद और नगर पालिका प्रशासन से कई बार गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पालिका द्वारा केवल पंप लगाकर पानी निकलवाने की अस्थायी खानापूर्ति की जाती है, लेकिन निकासी बंद होने से समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। वहीं, दूरभाष पर संपर्क करने पर नगर पालिका सफाई निरीक्षक ने बताया कि शीघ्र ही पानी निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी।

