बेबसी के बीच उम्मीद की किरण: सेवर के जरूरतमंद परिवार की ढाल बना समृद्ध भारत अभियान, पांच मासूमों के पालन-पोषण और शिक्षा में सहयोग का संकल्प
भरतपुर / विष्णु मित्तल
माँ की ममता से महरूम पांच मासूम बच्चों की जिंदगी में आए संकट के बीच 'समृद्ध भारत अभियान' ने संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल पेश की है। संस्था के निदेशक सीताराम गुप्ता के निर्देशन में सेवर निवासी इस अत्यंत जरूरतमंद परिवार को दैनिक जरूरत और बच्चों के उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर कठिन समय में बड़ा संबल दिया गया।
जरूरतों का आकलन कर घर पहुंचाई राहत परिवार की दयनीय स्थिति की जानकारी मिलते ही निदेशक सीताराम गुप्ता ने टीम को मौके पर भेजकर वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन कराया। इसके बाद संस्था के मुख्य प्रतिनिधि पुनीत गुप्ता, सीडीपीओ महेंद्र अवस्थी तथा सदस्य अनिल गर्ग एवं विष्णु मित्तल ने परिवार के बीच पहुंचकर सहायता सामग्री सौंपी। इसमें दो पलंग, बिस्तर, बच्चों व परिवार के लिए कपड़े, कंबल, घरेलू सामान, दो माह के शिशु के लिए झूला तथा शिशु रोग विशेषज्ञ की सलाह के अनुरूप दूध के डिब्बे शामिल हैं। टीम ने परिवार से संवाद कर बच्चों के पोषण और शिक्षा में भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
संस्था निदेशक का संदेश निदेशक सीताराम गुप्ता ने कहा कि किसी भी सभ्य समाज की पहचान इस बात से होती है कि वह अपने सबसे कमजोर वर्ग के साथ कैसे खड़ा होता है। इतनी कम उम्र में माँ को खो चुके इन पांच बच्चों को केवल आज की राहत ही नहीं, बल्कि निरंतर देखभाल, उचित पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य पीड़ित परिवारों को केवल वस्तुगत सहायता देना नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और उम्मीद का संचार करना है ताकि वे स्वयं को अकेला महसूस न करें।

