जयपुर के गोलोक धाम में 29 नवंबर को राष्ट्रीय जैन पत्रकार महासम्मेलन: आचार्य प्रज्ञासागर जी के सान्निध्य में होगा मंथन, त्रिशला गोधा को मिलेगा राजा श्रेणिक पत्रकारिता पुरस्कार
जयपुर / कमलेश जैन
जैन पत्रकार महासंघ (रजि.) के तत्वावधान में परम पूज्य आचार्य श्री 108 प्रज्ञासागर जी महाराज के पावन सान्निध्य एवं चातुर्मास आयोजन समिति के सहयोग से श्री गोलोक धाम, निमोड़िया (चाकसू) में 29 नवंबर, रविवार को राष्ट्रीय जैन पत्रकार महासम्मेलन एवं वैचारिक गोष्ठी का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर से जैन पत्रकारों, संपादकों, साहित्यकारों, लेखकों और प्रबुद्धजनों के शामिल होने की संभावना है।
जैन पत्रकारिता और संस्कृति संरक्षण पर होगा मंथन जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि सम्मेलन में जैन पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति, समाज व संस्कृति के संरक्षण में मीडिया की भूमिका, धार्मिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार तथा पत्रकारिता की दिशा और दशा जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। वक्ताओं द्वारा निष्पक्ष, निर्भीक और सकारात्मक पत्रकारिता के जरिए समाज को नई दिशा देने तथा जैन धर्म के सिद्धांतों व विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
सम्मान समारोह और पोस्टर का विमोचन कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर 'दैनिक समाचार जगत' की स्वामी, प्रकाशक एवं मुद्रक प्रोपराइटर त्रिशला गोधा (धर्मपत्नी—समाचार जगत के संस्थापक, समाज भूषण स्व. राजेंद्र गोधा) को 'राजा श्रेणिक जैन पत्रकारिता पुरस्कार-2026' से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही पत्रकार सम्मान समारोह और स्नेह मिलन भी होगा।
आयोजन के पोस्टर का विमोचन पूज्य आचार्य श्री के सान्निध्य में किया गया। इस मौके पर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया, राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन बड़जात्या, कार्यक्रम संयोजक दीपक गोधा व सुरेंद्र बड़जात्या, गोलोक सेवा समिति अध्यक्ष देवेंद्र कुमार जैन, प्रवक्ता चेतन जैन निमोड़िया, उपाध्यक्ष नितिन बनेठा, प्रकाश बाकलीवाल, विनोद सेठी, चातुर्मास समिति अध्यक्ष अनिल जैन बनेठा, महामंत्री पारस जैन बाकलीवाल और कोषाध्यक्ष रमेश गंगवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
गौसेवा और वृक्षारोपण योजनाओं की दी जानकारी इस अवसर पर परम पूज्य आचार्य श्री प्रज्ञासागर जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में चल रही जनकल्याणकारी परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 करोड़ वृक्षारोपण योजना के तहत गोलोक धाम क्षेत्र में पौधे लगाए जा रहे हैं, जबकि प्रथम चरण में लगभग 300 गायों का संरक्षण किया जा रहा है।

