धर्म नगरी गोविंदगढ़ में 11 से 16 दिसंबर तक भव्य पंचकल्याणक महोत्सव: वात्सल्य मूर्ति आचार्य श्री 108 ज्ञान भूषण जी के सानिध्य में होंगे पांचों कल्याणक संस्कार
गोविंदगढ़ / कमलेश जैन
कस्बे के सकल जैन समाज के तत्वावधान में आगामी 11 से 16 दिसंबर तक भव्य पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव को लेकर समाज द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। यह आयोजन अयोध्या नगर स्थित हर्ष टी.टी. कॉलेज (विधायक फार्म) में विशाल पंडाल के नीचे संपन्न होगा। प्रतिष्ठा महोत्सव का पावन सानिध्य मनोज्ञ धाम प्रणेता, 21वीं सदी के वात्सल्य मूर्ति आचार्य श्री 108 ज्ञान भूषण जी मुनिराज 'रत्नाकर' ससंघ का रहेगा, जबकि प्रतिष्ठाचार्य दिल्ली के वाणी भूषण पंडित अरविंद जैन शास्त्री होंगे।
गर्भ से मोक्ष तक के पांचों कल्याणक होंगे संपन्न मुख्य संयोजक निर्मल कुमार जैन और श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर के अध्यक्ष सुनील कुमार जैन ने बताया कि पंचकल्याणक महोत्सव में तीर्थंकर परमात्मा के गर्भ में आने से लेकर मोक्ष प्राप्त करने तक के जीवन को पांच चरणों—गर्भ, जन्म, तप, ज्ञान और मोक्ष कल्याणक में विभाजित कर विधि-विधान से मनाया जाता है। इसमें सौधर्म इंद्र की आज्ञा से देवों द्वारा सभी धार्मिक क्रियाएं उल्लासपूर्वक की जाएंगी और दिव्य ध्वनि के माध्यम से धर्म का उपदेश होगा। महोत्सव में शामिल होने के लिए दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, अलवर, लक्ष्मणगढ़, रामगढ़, नौगांवा, सीकरी व भरतपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को आमंत्रण पत्रिकाएं भेजी गई हैं।
आचार्य श्री ससंघ का मंगल विहार शुरू महोत्सव के निमित्त आचार्य श्री 108 ज्ञान भूषण जी मुनिराज 'रत्नाकर' ससंघ का धर्म नगरी गोविंदगढ़ की ओर मंगल प्रस्थान शुरू हो गया है। रविवार, 22 नवंबर को प्रातः 11 बजे आचार्य श्री का मंगल विहार फिरोजपुर झिरका से पहाड़ी (डीग) की ओर हुआ। 23 और 24 नवंबर को उनकी आहारचर्या पहाड़ी में होगी, जिसके बाद 24 नवंबर को प्रातः 11 बजे वे सीकरी (डीग) के लिए विहार करेंगे और वहां से गोविंदगढ़ पहुंचेंगे। उधर, महोत्सव की तैयारियों के सिलसिले में रविवार को गोविंदगढ़ जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल का लक्ष्मणगढ़ आगमन भी हुआ।

