गलत खबर देने पर सपा के एक्स संचालक के खिलाफ मामला दर्ज

Jan 24, 2024 - 22:04
Jan 25, 2024 - 08:26
 0
गलत खबर देने पर सपा के एक्स संचालक के खिलाफ मामला दर्ज

अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में दूरई का पुरवा गांव में 22 जनवरी शाम में डीजे के बिजली के करंट की चपेट में आने के मामले में समाजवादी पार्टी के ‘एक्स’ हैंडल से घायल बच्चों की कथित रूप से मृत्यु हो जाने की बात बताये जाने पर आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता की तहरीर पर अमेठी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। सपा ने ‘एक्स’ हैंडल पर सभी नौ बच्चों को मृत्यु दिखाते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी थी जबकि सभी नौबच्चों का इलाज चल रहा है। उनमें आठ बच्चे जिला अस्पताल और एक ट्रामा सेंटर लखनऊ में भर्ती है। समाजवादी पार्टी ने बाद में ‘एक्स’ पर से इस पोस्ट को हटा दिया। अब यह पोस्ट पाटी के ‘एक्स’ अकाउंट पर नहीं दिख रहा है। इस संबंध में भाजपा नेता अमरेंद्र सिंह पिंटू द्वारा अमेठी थाने में समाजवादी पार्टी के खिलाफ तहरीर दी गई थी।

समाजवादी पार्टी ने अपने ‘एक्स’हैंडल पर कथित रूप से लिखा है,‘‘अमेठी में शोभायात्रा के दौरान हुए हादसे में करंट लगने से नौ बच्चों की मृत्यु हृदय विदारक घटना है। ईश्वर बच्चों की आत्मा को शांति दें। परिजनों के प्रति संवेदनाएं। मृतकों के परिवार को मुआवजा दे सरकार।’’ समाजवादी पार्टी के इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताया है। भाजपा नेता अमरेंद्र सिंह पिंटू ने अमेठी थाने में इसके खिलाफ तहरीर दी। समाजवादी पार्टी के ‘एक्स’ हैंडल पर आपत्तिजनक बयान को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक (थाना अमेठी) अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि भाजपा नेता अमरेंद्र सिंह पिंटू की तरफ से समाजवादी पार्टी के ‘एक्स’ पर लिखे गये बयान पर शिकायत पत्र दिया गया, जिसके आधार पर सपा के ‘एक्स’ के अज्ञात संचालक के खिलाफमुकदमा दर्ज किया गया है।

बताते चलें कि 22 जनवरी को दुरई का पुरवा थाना संग्रामपुर में शाम को शोभायात्रा के बाद घर जाते समय डी जे के विद्युत करंट की चपेट में आने से नौ बच्चे घायलहो गए थे। भाजपा नेता अमरेंद्र सिंह पिंटू ने आरोप लगाया है कि समाजवादी पार्टी के इस कृत्य से अमेठी आहत हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा, सरकार और सांसद स्मृति ईरानी की छवि खराब करने की नीयत से ‘एक्स’ पर ऐसा लिखा गया है। पिंटू ने कहा कि बच्चे ठीक है एवं उनका इलाज चल रहा है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow