मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूंछरी का लौठा में की पूजा अर्चना

Feb 5, 2024 - 18:22
Feb 5, 2024 - 22:49
 0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूंछरी का लौठा में की पूजा अर्चना

भरतपुर, 05 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा सोमवार को डीग के पूंछरी का लौठा एवं श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे। उन्होंने जयकारों के बीच शांति और भक्ति की पावन धरा पूंछरी का लौठा में परम पूज्य श्री नाथ जी महाराज के दर्शन किए और गिरिराज जी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली, सामाजिक सौहार्द, प्रेम-भाईचारा एवं मानव कल्याण के लिये मंगल कामना की। मुख्यमंत्री श्री शर्मा को पुजारी संजीव ने विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना करवाई एवं पवित्र झारी से जल आचमन कराया। मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने गिरिराज जी तलहटी पर दुग्ध चढ़ाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और दर्शन किया। वहीं दर्शन करने के पश्चात सीएम ने श्रद्धालुओं के साथ श्रीनाथ जी मंदिर में प्रसाद भी ग्रहण किया। अपने मुख्यमंत्री को देख श्रद्धालुओं ने उनकी सादगी और आराध्य के प्रति आस्था की सराहना की। श्रीनाथ मंदिर परिसर और पूंछरी का लौठा में उनके आगमन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन सक्रिय था। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी रहे।

श्रीनाथ जी मंदिर के पुजारी चंदू मुखिया जी राम पंडित जी ने मुख्यमंत्री को साफा पहना कर उनका अभिवादन किया तथा गिरिराज जी की तस्वीर भेंट की। दर्शन के समय गृह, गोपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढम एवं डीग-कुम्हेर विधायक शैलेश सिंह साथ में थे।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के पेठा हैलीपेड पहुंचने पर गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढम एवं डीग-कुम्हेर विधायक शैलेश सिंह ने पुष्पगुच्छ दे कर हार्दिक स्वागत किया। इस दौरान गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री को हनुमान चालीसा भी भेट की। वहीं संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा, पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश, जिला कलक्टर शरद मेहरा, पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने उनकी अगवानी की।

इस मौके पर पूर्व प्रधान जुरेहरा रविंद्र जैन, पूर्व पंचायत समिति सदस्य सतीश बंसल, पूर्व पार्षद दीनानाथ, अतिरिक्त जिला कलेक्टर रणजीत सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र परमार, उपखण्ड अधिकारी डीग रवि गोयल के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

---00---

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow