हरियाणा में कांग्रेस का ‘झूठ’ नहीं चलेगा; भाजपा भारी मतों से जीत दर्ज करेगी : CM सैनी

Sep 22, 2024 - 19:27
Sep 22, 2024 - 19:39
 0
हरियाणा में कांग्रेस का ‘झूठ’ नहीं चलेगा; भाजपा भारी मतों से जीत दर्ज करेगी : CM सैनी
सीवन/लाडवा -  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लोग हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में कांग्रेस द्वारा किए गए बड़े-बड़े वादों के हश्र से वाकिफ हैं, लेकिन उनके राज्य में पार्टी का “झूठ” नहीं चलेगा। सैनी ने भरोसा जताया कि हरियाणा में पांच अक्टूबर को प्रस्तावित विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्ण बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में जारी विकास कार्यों में तेजी लाएगी। कैथल जिले के सीवन में एक चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में सैनी ने कहा, “जैसा कि आप देख सकते हैं, लोगों में जबरदस्त उत्साह है। भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी, वो भी पूर्ण बहुमत के साथ।” 
मुख्यमंत्री ने शनिवार को गुहला क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कुलवंत बाजीगर के पक्ष में आयोजित रैली को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले हिमाचल, कर्नाटक और तेलंगाना के लोगों से किए गए बड़े-बड़े वादों के बारे में हर कोई जानता है। सैनी ने आरोप लगाया, “सत्ता हथियाने के लिए झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करना उनके लिए कोई नयी बात नहीं है।” उन्होंने कहा, “पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश का ही उदाहरण ले लीजिए। युवाओं को सालाना एक लाख नौकरियां, महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये और हिमाचल में मुफ्त बिजली देने के कांग्रेस के वादे का क्या हुआ? क्या उन्होंने इन वादों को पूरा किया।” 
सैनी ने कहा, “हरियाणा के लोग कांग्रेस के झूठे वादों का हश्र जानते हैं। उनका झूठ यहां नहीं चलेगा।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के “झूठे” वादों के विपरीत भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करती है। हरियाणा में कांग्रेस ने सत्ता में आने पर 18 से 60 साल की महिलाओं को प्रति माह 2,000 रुपये की आर्थिक मदद देने और 500 रुपये में गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने का वादा किया है। वहीं, भाजपा के चुनावी वादों में महिलाओं के लिए हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता, युवाओं के लिए दो लाख सरकारी नौकरियां और राज्य के अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरी की गारंटी शामिल है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow