शारीरिक शिक्षकों को दी सिविल डिफेंस ट्रेनिंग
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद केंद्र एवं राज्य सरकार के आदेश अनुसार सिविल डिफेंस को अलर्ट मोड पर रखने के लिए उपखंड अधिकारी राजीव शर्मा के निर्देशन में शुक्रवार को मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के टाउन हॉल में समस्त शारीरिक शिक्षकों को सिविल डिफेंस की ट्रेनिंग दी गई।
उपखण्ड अधिकारी राजीव शर्मा द्वारा भारत और पाकिस्तान के बीच उपस्थित हालातों के बारे में बताते हुए आपदा के समय प्रयोग में लिए जाने वाले बचाव कार्यों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में हमें सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन की पालना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में हम मॉकड्रिल व ब्लैक आउट के दौरान दिये गये निर्देशों के प्रति आमजन को जागरूक करने में सहायक बनें।
मास्टर ट्रेनर सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स सौरव सोलंकी और अशोक कुमार द्वारा ब्लॉक सेवर में कार्यरत समस्त शारीरिक शिक्षकों की सिविल डिफेंस की तैयारी को लेकर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी संगीता फौजदार की उपस्थिति में नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कर समस्त शारीरिक शिक्षकों को सिविल डिफेंस की ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षकों द्वारा आपातकाल के समय बचाव के विभिन्न तरीके शारीरिक शिक्षकों को डेमोंसट्रेशन कर समझाये गए।
सीबीईओ संगीता फौजदार एवं फिजिकल डिप्टी गंभीर सिंह ने प्रशिक्षण में उपस्थित प्रशिक्षण प्राप्त शारीरिक शिक्षकों को शनिवार को विद्यालयों में प्रार्थना स्थल पर उपस्थित सभी विद्यार्थियों को उक्त प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। ट्रेनिंग प्राप्त शारीरिक शिक्षक पूजा देशवाल और सुमेधा फौजदार ने घायल नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के तरीकों के बारे में बताया एवं अशोक कुमार व जल सिंह के द्वारा आपातकाल में घायल नागरिकों को सीपीआर देने की तकनीकी जानकारी दी गई। भूपेंद्र सिंह द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया, कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक विजयसिंह कुंतल द्वारा किया गया।