मेघा गोयल होंगी बानसूर की पहली महिला डीएसपी
बानसूर (डेस्क) पुलिस महानिदेशक कार्यालय, राजस्थान ने 1 नवंबर की देर शाम 180 उप पुलिस अधीक्षकों (डीएसपी) के तबादलों की सूची जारी की। इस सूची में बानसूर को पहली बार महिला डीएसपी मिली हैं, जिनका नाम मेघा गोयल है।
मेघा गोयल इससे पहले भीलवाड़ा जिले के माण्डल में डीएसपी के पद पर कार्यरत थीं। अब उन्हें बानसूर का नया डीएसपी नियुक्त किया गया है। उनके आने से क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था में महिला नेतृत्व के तहत नई ऊर्जा और संवेदनशीलता आने की उम्मीद है।
वहीं, वर्तमान बानसूर डीएसपी दशरथ सिंह का तबादला जालोर जिले के आहोर के लिए किया गया है। दशरथ सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बानसूर में पहली बार किसी महिला अधिकारी को पुलिस की कमान मिलना क्षेत्र के लिए एक नया अध्याय माना जा रहा है। स्थानीय लोगों में इस निर्णय को लेकर उत्साह है और उम्मीद है कि इससे महिला सुरक्षा और जनसुनवाई को और मजबूती मिलेगी।