नेता प्रतिपक्ष जूली ने अलवर सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग
अलवर (राजस्थान) नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अलवर जिले के भिवाड़ी मेगा हाईवे पर 01 नवम्बर की शाम को हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्यों- दंपती, पुत्र एवं भतीजी की दर्दनाक मृत्यु हो गई।
जूली ने कहा कि यह अत्यंत दुःखद और संवेदनशील घटना है, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। मृतक परिवार सामान्य आर्थिक स्थिति से संबंधित था और उनके निधन से परिवार के शेष सदस्यों के सामने जीवनयापन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि मानवीय आधार पर मृतकों के परिजनों को प्रत्येक मृतक के लिए 10 लाख रुपए तथा घायलों के लिए 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की जाए।
जूली ने कहा कि बीते दिनों जैसलमेर में हुई बस दुर्घटना में भी मृतकों के परिजनों को सहायता राशि प्रदान की गई थी। अतः अलवर हादसे के पीड़ित परिवारों को भी समान आधार पर राहत प्रदान करना न्यायोचित होगा।
उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।