ड्राइवर को नींद की झपकी आई, ट्रक में घुसी कार: पांच लोग घायल, तीन अलवर रेफर
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुआ हादसा
गोविन्दगढ़ के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर एक कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इस दुर्घटना में कार सवार पांच में से चार लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलवर के जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पलवल निवासी मूलचंद, नेमीचंद, उषा रानी और राहुल बालाजी के दर्शन कर पलवल लौट रहे थे। उनके साथ एक और व्यक्ति भी कार में सवार था।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर चैनल नंबर 107+000 नैनापुर के पास चालक राहुल को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रक में जा टकराई।
हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बड़ौदामेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद मूलचंद, नेमीचंद और उषा रानी की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अलवर रेफर कर दिया।