नौगांवा दो पक्षों के जमीनी विवाद में एक युवक के सिर में लगी गोली, परिजन घायल को अस्पताल ले गए, डॉक्टर्स ने मृत किया घोषित
अलवर (छगन चेतीवाल) नोगांवा दो पक्षों के जमीनी विवाद में एक युवक के सिर में गोली लग गई। परिजन घायल को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे, फरसी और बंदूकें चली। हमले में तीन महिलाओं सहित छह लोग और घायल हुए हैं, जिन्हें नौगांवा से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मामला अलवर के नौगांवा थाना क्षेत्र स्थित रघुनाथगढ़ कॉलोनी में मंगलवार सुबह का है। पीड़ित की 8 बीघा जमीन में से आरोपियों की करीब दो बिस्वा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी पर सुबह करीब दो घंटे तक झगड़ा चलता रहा। पीड़ितों का आरोप है कि सुबह 9 से 11 बजे तक कंट्रोल रूम व थाने में कई बार फोन किया, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
मृतक रफीक खान (उम्र 30) ड्राइवरी का काम करता था। रफीक 6 बच्चों का पिता था। परिजनों का कहना है कि रफीक घटना का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान एक आरोपी ने उसे गोली मार दी।
वहीं एक घायल नूरुद्दीन खान को सीरियस कंडीशन में जयपुर रेफर कर दिया है। नूरुद्दीन के सिर में लोहे के फावड़े से हमला किया गया है।बीच में से रास्ता निकालने पर विवाद, 50-60 लोगों ने किया हमला
पीड़ितों का कहना है कि रफीक के पिता सुब्बा की 8 बीघा जमीन में से आरोपियों की करीब दो बिस्वा जमीन को लेकर यह विवाद चल रहा है। पीड़ित और आरोपी दोनों एक ही परिवार के हैं। आरोपी पूरी जमीन के बीच में जमीन मांग रहे थे, जबकि पीड़ित पक्ष का कहना है कि बीच से रास्ता देने पर पूरी जमीन का नक्शा बिगड़ जाएगा।
परिजनों ने बताया- आरोपी 50-60 लोगों के साथ पहुंचे और हथियारों से हमला कर दिया। परिजनों का दावा है कि झगड़ा करीब दो घंटे तक चलता रहा। 9 से 11 बजे तक कंट्रोल रूम व थाने में कई बार शिकायत की, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
झगड़े के दौरान रफीक खान के सिर में गोली लग गई। रफीक को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने रफीक को मृत घोषित कर दिया। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। मृतक के परिजन शहरुन खान के अनुसार आरोपी सुपेदा, रोशन, फजरू और सुलेमान के परिवार ने यह हमला किया।
मृतक की मां आसीनी (65) के सिर में भी चोट लगी है। बेटे को खोने पर अस्पताल में आसीनी का रो-रो कर बुरा हाल है।घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज रफीक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है। कोतवाली और NEB थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची है। घटना में मृतक के मामा महमूद (40), नूरुद्दीन (45), रफीना (30), महमूदी (32) घायल हो गए हैं।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं नूरुद्दीन खान को सीरियस कंडीशन में जयपुर रेफर कर दिया है। नूरुद्दीन के सिर में लोहे के फावड़े से हमला किया गया है। फिलहाल पुलिस मौके पर और अस्पताल में तैनात है, ताकि स्थिति बिगड़े नहीं। वहीं FSL टीम भी मौके पर पहुंची है।