कठूमर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, महिलाओं और विद्यार्थियों को दी कानूनी अधिकारों की जानकारी
कठूमर (दिनेश लेखी) तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर की ओर से अध्यक्ष एवं अपर जिला न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया के निर्देशानुसार ब्लॉक क्षेत्र में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से महिलाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को उनके कानूनी अधिकारों और विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
तालुका विधिक सेवा समिति की रुचि शर्मा ने बताया कि पैरा लीगल वॉलंटियर अनुजा शर्मा ने महिला एवं बाल विकास कार्यालय कठूमर में नारी संवाद कार्यक्रम के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया। इसमें महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पीड़ित प्रतिकर योजना, निःशुल्क विधिक सहायता योजना, मध्यस्थता एवं लोक अदालत के महत्व के बारे में बताया गया। शिविर में करीब 80 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इसी क्रम में पैरा लीगल वॉलंटियर वीरेन्द्र शर्मा ने न्यू मॉडर्न पब्लिक स्कूल कठूमर में शिविर आयोजित कर एलजीबीटीक्यू समुदाय के व्यक्तियों के अधिकारों, कानूनी संरक्षण एवं उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस दौरान प्राधिकरण की सामुदायिक मध्यस्थता योजना की जानकारी देते हुए बताया कि तालुका मुख्यालय कठूमर के अंतर्गत अटल सेवा केंद्र अरुआ में सामुदायिक मध्यस्थता केंद्र स्थापित किया गया है। योजना के तहत अरुआ की 15 महिलाओं को सामुदायिक मध्यस्थ के रूप में नियुक्त किया गया है। ये महिलाएं क्षेत्र में होने वाले आपसी विवादों का सामुदायिक सौहार्द एवं आपसी समझाइश के माध्यम से समाधान कराने का प्रयास करेंगी। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजवीर सिंह सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

