भरतपुर में पंचायत आम चुनाव: सरपंच व वार्डपंच पद के लिए 4 नवंबर को भरे जाएंगे नामांकन
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय): पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तृतीय चरण के तहत भरतपुर जिले की चार पंचायत समितियों में सरपंच और वार्डपंच पद के चुनाव की प्रक्रिया बुधवार (4 नवंबर) को नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ ही शुरू होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने चुनावी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि जिले की बयाना, भुसावर, नदबई एवं वैर पंचायत समिति क्षेत्र की 156 ग्राम पंचायतों में वार्डपंच और सरपंच पद के चुनाव शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार नामांकन और प्रतीक आवंटन की समय-सारणी इस प्रकार रहेगी:
- नामांकन पत्र दाखिल करना: प्रातः 8:00 बजे से सुबह 11:00 बजे तक।
- नामांकन पत्रों की जांच (समीक्षा): प्रातः 11:30 बजे से।
- नाम वापसी: दोपहर 2:00 बजे तक।
- चुनाव चिन्ह आवंटन एवं अंतिम सूची का प्रकाशन: दोपहर 2:00 बजे के तुरंत बाद।
5 नवंबर को मतदान, 6 को उपसरपंच का चुनाव
तृतीय चरण का मतदान 5 नवंबर (गुरुवार) को प्रातः 7:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के पश्चात मतगणना करवाकर परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके अगले दिन 6 नवंबर (शुक्रवार) को उपसरपंच पद का चुनाव संपन्न करवाया जाएगा।

