कठूमर पंचायत समिति की समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की प्रगति पर हुआ मंथन; विकास अधिकारी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने के निर्देश
कठूमर (दिनेश लेखी) पंचायत समिति सभागार में मंगलवार को विकास अधिकारी बच्चू सिंह मीणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की प्रगति बढ़ाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ब्लॉक क्षेत्र के सभी ग्राम विकास अधिकारी, कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ तकनीकी सहायक एवं पंचायत समिति कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान विकास अधिकारी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की बिंदुवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों की भौतिक प्रगति, जियो-टैगिंग एवं लाभार्थियों को किश्तों के भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता प्रबंधन, सामुदायिक शौचालयों के रखरखाव तथा ओडीएफ प्लस के निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकास अधिकारी बच्चू सिंह मीणा ने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरतने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

