जिला कलक्टर ने शहर में सीएफसीडी योजना के कार्यों का किया औचक निरीक्षण
भरतपुर, कौशलेंन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी ने रविवार को नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य फोकस सिटी फ्लड कंट्रोल ड्रेनेज (सीएफसीडी) योजना के तहत चल रहे नाला निर्माण कार्यों की प्रगति पर रहा। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत फीडबैक लिया और कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने सबसे पहले रेड क्रॉस सर्किल, चांदपोल गेट, रणजीत नगर तथा पुष्प वाटिका क्षेत्रों में संचालित बड़े सीएफसीडी प्रोजेक्ट्स का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए नगर निगम अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिरिक्त टीमों की तैनाती कर प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। रेड क्रॉस सर्किल और चांदपोल क्षेत्र में नाला निर्माण की प्रगति का रिकॉर्ड रखने के लिए अधीक्षण अभियंता को फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नाला निर्माण के कारण जहां कहीं पानी जमा हो रहा है, वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर पानी को डायवर्ट किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही समय पर पूर्ण कराए। पुष्प वाटिका क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण को मार्च माह तक पूरा करने के लिए 15 दिनों के भीतर तीन अतिरिक्त टीमों की तैनाती करने के निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा सभी अधिकारियों को शहर के विकास कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता, उच्च गुणवत्ता तथा समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भरतपुरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्रवण बिश्नोई, अधिशाषी अभियंता भरत कुमार, सहायक अभियंता गजेन्द्र सिंह, कनिष्ठ अभियंता अजीत, डीपी एमडी धाकड़ तथा संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।


