मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भरतपुर सहित राज्य के अन्य हिस्सों के लिए की कई बड़ी घोषणाएं
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एप्रो प्रिएशन बिल पर बहस का जवाब दिया और इस अवसर पर भरतपुर सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की। सीएम ने भरतपुर जिले के विकास को लेकर कई सौगातों की घोषणा की। इसमें प्रमुख सड़क मार्गों के चौड़ीकरण, अटारी गांव में महाविद्यालय की स्थापना, किलों और पुरातत्व महत्व के ढांचों का जीर्णोद्धार शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भरतपुर के वैर-बयाना से सफेद महल तक 4 लेन की सड़क बनाई जाएगी, जिसकी अनुमानित लागत 5 करोड़ रुपए होगी। इसके अलावा कठूमर से डेहरा मोड़ तक 18 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण कार्य किया जाएगा, जिसका मार्ग मसारी, भरिथल होते हुए अटारी से नदबई तक जाएगा और इसकी लागत 22 करोड़ रुपए आएगी। अटारी गांव में महाविद्यालय खोले जाने की घोषणा के साथ ही नदबई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत किया जाएगा। वहीं वैर स्थित लाल महल मंदिर और वैर का किला, शहर के लोहागढ़ किले के अंदर जर्जर पुरातत्व महत्व के ढांचे तथा मिट्टी के फोर्ट वॉल का जीर्णोद्धार 2 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। रामनगर स्थित दो मोरा कैनाल का जीर्णोद्धार भी 22 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, नदबई में सार्वजनिक निर्माण विभाग का अधिशाषी अभियंता कार्यालय खोला जाएगा। मुख्यमंत्री ने डीग जिले के कामां का नाम बदलकर कामवन करने की भी घोषणा की।