खेत में सिंचाई का पानी पीने से महिला की मौत; कीटनाशक युक्त पानी पीने से बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान तोड़ा दम
जोधपुर के बावड़ी स्थित मथानिया थाना क्षेत्र के बड़ा कोटेचा गांव में एक महिला की कीटनाशक युक्त सिंचाई का पानी पीने से मौत हो गई। मृतका की पहचान ममता (34) पत्नी हडमानराम मेघवाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, ममता अपने खेत में कृषि कार्य कर रही थी। इसी दौरान उसने सिंचाई के लिए इस्तेमाल हो रहा कीटनाशक मिला पानी पी लिया। पानी पीने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालांकि, इलाज के दौरान ममता ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मथानिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कीटनाशक युक्त पानी के सेवन को ही मौत का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
- निसार गौरी