खैरथल अनाज मंडी के सर्वेश गुप्ता दूसरी बार बने अध्यक्ष
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजस्थान की प्रमुख खैरथल अनाज मंडी में शनिवार को प्रतिष्ठापूर्ण द्विवार्षिक अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव को लेकर मंडी में पूरे दिन हलचल और उत्साह का माहौल रहा। व्यापारियों में नए अध्यक्ष के चुनाव को लेकर खासा उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली।
इस बार अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला काफी रोचक और कड़ा रहा। चुनाव मैदान में वर्तमान अध्यक्ष सर्वेश गुप्ता और व्यापारी नेता दीनदयाल गुप्ता आमने-सामने थे। मंडी के 349 लाइसेंसधारी व्यापारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए अध्यक्ष का चयन किया। चुनाव अधिकारी दिनेश डाटा और केदारनाथ खंडेलवाल ने बताया कि मतदान सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चला। इसके बाद शाम 3.30 बजे से मतगणना प्रारंभ हुई और देर शाम परिणाम घोषित किया गया। मतगणना में सर्वेश गुप्ता ने अपने प्रतिद्वंद्वी दीनदयाल गुप्ता को 42 वोटों से पराजित कर लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही मंडी परिसर में व्यापारियों ने नारेबाजी कर खुशी जताई और उन्हें बधाई दी। अध्यक्ष चुने जाने के बाद सर्वेश गुप्ता ने व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए मंडी के विकास और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया।