बंदरों से बचने के लिए छत से कूदी महिला: दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया, ईओ बोलीं- टेंडर होने के बाद पकड़ेंगे
अलवर के बड़ौदामेव कस्बे में बंदरों के हमले से घबराकर एक महिला को अपनी जान बचाने के लिए छत से कूद गई। जिससे उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम जोगी मोहल्ला निवासी मुकेश कुमार योगी की पत्नी धारा योगी घर की छत पर कपड़े सुखाने के लिए गई थीं। इसी दौरान अचानक बंदरों का एक झुंड छत पर आ गया और महिला के पीछे पड़ गया। बंदरों से बचने के लिए महिला घबराकर छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने से महिला के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए।
- बंदरों को पकड़वाने की मांग
बताया गया है कि 3 दिसंबर 2025 को कस्बे के निजी स्कूल संचालकों ने भी इस समस्या को लेकर बड़ौदामेव नगर पालिका के ईओ को ज्ञापन सौंपकर बंदरों को पकड़वाने की मांग की थी।
निजी शिक्षण संस्थान संघ बड़ौदामेव के अध्यक्ष नरेंद्र मीणा ने कहा कि कस्बे में बंदरों का आतंक अधिक है। बंदरों को पकड़वाने की मांग कर चुके हैं। लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।
- कई इलाकों में लोगों पर अटैक
स्थानीय निवासी रवि खान- ने कहा कि कस्बे में बंदरों के झुंड बाजार और रिहायशी इलाकों में लोगों पर हमला कर रहे हैं और अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं।
नगर पालिका बड़ौदामेव की ईओ रेखा गुर्जर का कहना है कि बंदरों को पकड़वाने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। वर्क ऑर्डर जारी कर टीम को काम सौंप दिया जाएगा और जल्द ही कार्रवाई शुरू की जाएगी।