वर्ल्डकप फाइनल मैच में जश्न मनाने पर लाठी-डंडों से हमला: आरोप- छत पर चढ़कर गोली चलाई, युवती के सिर में 9 टांके आए
खैरथल-तिजारा (राजस्थान) इंडिया-न्यूजीलैंड में टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच के दौरान जश्न मनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घर पर पथराव भी किया। घटना खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र के बाघोड़ा धमुकड़ गांव की है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि एक आरोपी ने छत पर चढ़कर फायरिंग की। इस दौरान युवती को चोट आई है। घायल युवती को किशनगढ़ बास अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसके सिर में 9 टांके आए हैं। मामले की शिकायत किशनगढ़ बास थाना पुलिस को दी है।

- SHO बनवारी लाल ने बताया- रात को सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर जाब्ता भेजा। गांव में मैच देखने को लेकर विवाद हुआ था। किसी प्रकार की कोई फायरिंग नहीं हुई है। अभी तक पीड़ित की तरफ से कोई शिकायत भी नहीं मिली है।
बुमराह के 2 विकेट लेने पर ताली बजाई तो हुआ विवाद
घायल युवती के भाई भजन सिंह ने बताया- हम रविवार रात करीब 10:30 बजे घर की छत पर बैठकर मैच देख रहे थे। जसप्रीत बुमराह के लगातार दो गेंद पर दो विकेट लेने पर हम खुशी से ताली बजाने लगे।
इसी बात पर पास में दुकान पर बैठे कुछ लोग गाली-गलौज करने लगे। बाद में करीब 20 लोगों ने एक साथ आकर घर पर हमला कर दिया। भजन सिंह का दावा है कि हमले में पथराव किया गया और चार राउंड फायरिंग भी हुई। इसमें एक गोली मेरी बहन भजनों बाई (30) के सिर को छूते हुए निकल गई। घटना में मेरे और मामा रिंकू को भी चोटें आई हैं।