गोविंदगढ़: खाद्य विभाग की छापेमारी से बाजार में हड़कंप, 200 लीटर खराब दूध कराया नष्ट
अलवर जिले के गोविंदगढ़ कस्बे में खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई की है। इस दौरान 200 लीटर मिलावटी दूध नष्ट किया। साथ ही कई डेयरियों और सप्लायरों से सैंपल लिए। कार्रवाई की सूचना मिलते ही बाजार में अफरातफरी मच गई और कुछ दुकानें बंद हो गईं।
- विधानसभा में विधायक ने मुद्दे को उठाया था
ये कार्रवाई मिलावटी दूध, नकली पनीर और कलाकंद की शिकायतों के बाद की गई। रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने भी विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया था। खाद्य विभाग की टीम ने 181 पर दर्ज शिकायत के आधार पर नसवारी गांव में दूध सप्लायर आसमदिन के यहां से सैंपल लिया।
- एक ट्रॉली में 500 लीटर दूध मिला
गोविन्दगढ़ कस्बे के खेड़ा महमूद रोड स्थित चौधरी डेयरी पर जांच के दौरान एक ट्रॉली में करीब 500 लीटर दूध मिला।
इसमें से खेड़ली बहादुर निवासी एक व्यक्ति के 200 लीटर दूध में बदबू और खट्टापन पाए जाने पर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। चरणदास डेयरी से भी दूध का सैंपल लिया गया है।
- नकली मिठाई और पनीर की शिकायतें मिल रहीं थीं
फूड इंस्पेक्टर केशव गोयल ने बताया कि गोविन्दगढ़ और रामगढ़ क्षेत्र में नकली दूध से मिठाई और पनीर बनाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। अलवर से उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।
- जांच के लिए भेजे सैंपल
उन्होंने बताया कि लिए गए सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी केशव गोयल, जय सिंह यादव और अशोक लखेरा मौजूद रहे।