राजगढ़ में प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित: करोड़ों रुपये के अवार्ड पारित, सैकड़ों मामलों का निस्तारण
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के निर्देशानुसार शनिवार को राजगढ़ तालुका विधिक सेवा समिति में इस वर्ष की प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
ताल्लुका विधिक सेवा समिति की सचिव श्रीमती भाग्यश्री मीणा ने बताया कि लोक अदालत में प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए राजगढ़ मुख्यालय पर एक विशेष बेंच का गठन किया गया था। इस बेंच की अध्यक्षता अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश लेखपाल शर्मा ने की। बेंच के अन्य सदस्यों में तहसीलदार कल्याण सहाय और अधिवक्ता सुन्दरलाल बैरवा शामिल रहे।
निस्तारित प्रकरण और राहतलोक अदालत के दौरान न्यायालयों में लंबित और प्री-लिटिगेशन स्तर के सैकड़ों मामलों को आपसी समझौते के माध्यम से सुलझाया गया:-
न्यायालय में लंबित मामले: दीवानी, फौजदारी, वैवाहिक और मोटर दुर्घटना दावा के कुल 173 प्रकरणों का निस्तारण हुआ।
प्री-लिटिगेशन मामले: बिजली विभाग के 309 और बैंकों के 83 मामलों को सुलझाया गया।
राजस्व मामले: राजस्व न्यायालयों के प्रकरणों का भी मौके पर निस्तारण कर पक्षकारों को राहत दी गई।
1.32 करोड़ से अधिक का अवार्ड - लोक अदालत में सभी प्रकरणों को मिलाकर कुल 1,32,73,529 रुपये के अवार्ड पारित किए गए। इस अवसर पर बैंक अधिकारी, अधिवक्ता और पक्षकार न्यायिक कर्मचारी भुवनेश कुमार शर्मा, सुमन शर्मा, रतनलाल कोली, दीनदयाल, मनखुश, दीनदयाल शर्मा, बिजेन्द्र शर्मा सहित
अन्य कर्मचारी मौजूद थे।