गोविंदगढ़ में नई सड़क 5 महीने में ही टूटना शुरू: PWD विभाग ने 5 साल की दी थी गारंटी, ग्रामीणों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
अलवर जिले के गोविंदगढ़ क्षेत्र के रामबास से पथरोडा गांव के बीच बनी एक नई सड़क 5 महीने में ही टूटना शुरू हो गई है। इस सड़क के निर्माण के लिए 5 साल की गारंटी दी गई थी, लेकिन इसकी बदहाली ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- 55 लाख की लागत से बनाई गई थी सड़क
लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर सरकार ने 55 लाख रुपए स्वीकृत किए थे। विभागीय बोर्ड के अनुसार, सड़क बनाने का काम 10 जनवरी 2025 को शुरू होकर 9 मई 2025 को पूरा होना था। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि काम 5 महीने पहले ही जल्दबाजी में निपटा दिया गया था।
- ठेकेदार, अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप
ग्रामीणों ने सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सड़क पर बिछी डामर की परत इतनी पतली है कि वह हाथों से ही उखड़ रही है। उन्होंने ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है।
- पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने मरम्मत कराने का दिया आश्वासन
स्थानीय निवासी केदार सैनी ने सड़क की खराब हालत को लेकर ठेकेदार और PWD के सहायक अभियंता (AEN) से शिकायत की थी। पीडब्ल्यूडी के असिस्टेंट इंजीनियर तरुण शर्मा ने बताया- सड़क में 20 MM पीएमसी और सील कोट का काम किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि ठेकेदार का अंतिम भुगतान रोक दिया गया है और सड़क को नियमानुसार सही करवाया जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जिला प्रशासन से संपर्क करेंगे।