शर्मा शिक्षक संघ (सियाराम) के छठी बार बने प्रदेश अध्यक्ष, जोशी प्रदेश सह संगठन महामंत्री निर्वाचित
भीलवाड़ा : (बृजेश शर्मा) राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के दौसा में आयोजित हुए प्रदेश महासमिति अधिवेशन में आज प्रदेश कार्यकारिणी का निर्वाचन हुआ,जिसमें भीलवाड़ा के प्रधानाचार्य वीरेन्द्र शर्मा लगातार छठी बार प्रदेश अध्यक्ष चुने गए। साथ ही प्रेमशंकर जोशी प्रदेश सह- संगठन महामंत्री तथा लीलाधर तिवारी प्रदेश मंत्री अजमेर संभाग निर्वाचित हुए।जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में भीलवाड़ा जिले से प्रदेश महासमिति के सदस्यों ने भाग लिया।
जिला मंत्री महेश मंडोवरा ने बताया कि महासमिति अधिवेशन में, शिक्षा सचिव के जनगणना में विद्यालयों से 30% से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी नहीं लगाने के स्पष्ट आदेश के बाद भी अधिकतम शिक्षकों की ड्यूटी लगाने एवं ग्रीष्मावकाश में की गई कटौती का विरोध करते हुए तृतीय वेतन श्रंखला शिक्षकों की डीपीसी एवं स्थानांतरण करने, शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने,पीईईओ को हार्ड ड्यूटी अलाउंस देने, प्राथमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय को लैपटॉप उपलब्ध करवाने, कंप्यूटर अनुदेशकों का केडर व वेतनमान संशोधित करने, ग्रामीण क्षेत्र में कार्य करने वाले शिक्षकों को ग्रामीण भत्ता देने सहित शिक्षकों व शिक्षार्थियों की कई मांगों को लेकर प्रस्ताव पारित किए गए जिन्हें राज्य सरकार को भेजा जाएगा। अधिवेशन में सत्यनारायण ओझा, लीलाधर तिवारी, सत्यनारायण खटीक आदि ने विचार व्यक्त किए।