दाधीच महिला मण्डल द्वारा मंगल पाठ एवं भजन कीर्तन का हुआ आयोजन
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। स्थानीय श्री दाधीच भवन में दाधीच महिला मण्डल मकराना के तत्वावधान में आध्यात्मिक चेतना और लोक कल्याण की भावना के साथ सामूहिक मंगल पाठ, सुन्दर काण्ड पाठ एवं भजन कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धर्म लाभ उठाया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत दीप प्रज्वलन और गणपति वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात मण्डल की सदस्यों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा और सुन्दर काण्ड का सस्वर पाठ किया। भक्ति संगीत की लहरों के बीच महिलाओं ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यकारिणी एवं प्रमुख सदस्यों की उपस्थिति में कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। इस अवसर पर कार्यकारिणी के प्रमुख सदस्या और समाज की गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं। भजन कीर्तन और पाठ के दौरान अनिता सेवग, मोना सेवग, प्रीति जाटलिया, सरला व्यास, नेहा व्यास, नीतू, डिंपल, सुनीता, संतोष, चंदा जोशी, कुसुम, नैंसी, सुमन व्यास, राधा व्यास, मन्जू व्यास, दीपा व्यास, भगवती सेवग, रेखा सेवग, इशू व्यास सहित समाज की अनेक महिलाओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। मण्डल की अध्यक्ष ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति व संस्कारों से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंत में आरती की गई और सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।