कठूमर में विधिक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन, आमजन को मिली महत्वपूर्ण जानकारी
कठूमर (दिनेश लेखी।) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के तत्वावधान में पंचायत समिति कठूमर में विधिक सेवाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया।
यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश अनंत भंडारी, प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश मोहनलाल सोनी तथा तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया के निर्देशन में आयोजित हुआ।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को पीड़ित प्रतिकर योजना 2023 के बारे में जानकारी प्रदान करना रहा, ताकि जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर न्याय एवं सहायता मिल सके।
इस अवसर पर ब्लॉक विकास अधिकारी शिवराम मीना सहित पंचायत समिति के अधिकारी एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स दीपक बालोत, योगेश चौहान और वीरेंद्र कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों को सरकार द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाती है।
उन्होंने यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर आमजन विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं और बिना किसी शुल्क के उचित कानूनी सलाह एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं युवाओं ने भाग लिया और विधिक जानकारी प्राप्त कर लाभान्वित हुए। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ी और उन्होंने इसे अत्यंत उपयोगी बताया।

