खेलो इंडिया ट्राइबल कुश्ती में बलकेश मीणा ने जीता कांस्य पदक, गुढ़ा से खटकड़ तक निकाली गई भव्य तिरंगा रैली
उदयपुरवाटी/खटकड़। (सुमेरसिंह राव) शेखावाटी की माटी की बहू ने एक बार फिर खेल जगत में राष्ट्रीय स्तर पर अपना लोहा मनवाया है। ग्राम खटकड़ (केड़) की होनहार बहू बलकेश मीणा ने 'खेलो इंडिया ट्राइबल कुश्ती राष्ट्रीय प्रतियोगिता' में कांस्य पदक (Bronze Medal) जीतकर पूरे राजस्थान और आदिवासी समाज का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और विजेता खिलाड़ी का भव्य स्वागत किया गया।
बलकेश मीणा की इस ऐतिहासिक जीत के सम्मान में गुढ़ा से खटकड़ केड़ तक एक विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में भारी संख्या में युवाओं, ग्रामीणों और बालाजी एजुकेशन अकेडमी के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के नारों के साथ बलकेश का हौसला अफजाई किया। मंच पर आयोजित सम्मान समारोह में पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी एवं मीन सेना प्रदेश अध्यक्ष सुरेश मीणा किशोरपुरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
-
शुभकरण चौधरी ने कहा कि "बलकेश ने साबित कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश की बेटियां भी यदि ठान लें तो राष्ट्रीय पटल पर तिरंगा फहरा सकती हैं।"
-
सुरेश मीणा ने बलकेश को समाज की प्रेरणा बताते हुए सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
दोहरी सफलता का जश्न:
समारोह के दौरान बलकेश मीणा के साथ उनके पति विक्रम मीणा का भी विशेष सम्मान किया गया, जिनका हाल ही में भारतीय सेना में चयन हुआ है। ग्रामीणों ने इस दंपत्ति की मेहनत को युवाओं के लिए मिसाल बताया। साथ ही, बलकेश के कोच उम्मेद सिंह झांझरिया (बगड़) का भी साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर विशेष अभिनंदन किया गया।
उपस्थित गणमान्य जन:
कार्यक्रम में इंस्पेक्टर मुकेश मीणा, जेपी खटाना, देव सेना अध्यक्ष धर्मपाल गुर्जर, जिला परिषद सदस्य राजेंद्र प्रसाद, पूर्व सरपंच विजेंद्र सिंह खरीटा, ग्राम विकास अधिकारी सुरेश मीणा, कोच सुनील खलवा, एडवोकेट प्रदीप गुर्जर, भवर लाल मीणा, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।


