प्रशासनिक सुधार विभाग के निर्देशों की पालना में निरीक्षण; 33 कार्मिक अनुपस्थित मिले
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) प्रशासनिक सुधार विभाग के निर्देशों की पालना में जिला मुख्यालय पर स्थित कोषाधिकारी कार्यालय, भू-प्रबन्ध अधिकारी कार्यालय, सहायक भू-प्रबन्ध अधिकारी कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया जिसमें 33 कार्मिक अनुपस्थित मिले।
जिला कलक्टर कमर चौधरी द्वारा गठित निरीक्षण दल द्वारा प्रशासनिक सुधार विभाग से प्राप्त निर्देशानुसार कार्मिकों की उपस्थिति, कार्यालय की साफ-सफाई, कार्य निस्तारण की स्थिति इत्यादि की जांच की गयी। जांच के दौरान कोषाधिकारी कार्यालय में 16, भू-प्रबन्ध अधिकारी कार्यालय में 08, सहायक भू-प्रबन्ध अधिकारी कार्यालय में 09 कार्मिक बिना किसी प्रकार का अवकाश स्वीकृत कराये अनुपस्थित पाये गये।
निरीक्षण टीम द्वारा कार्यालय में रखे हुये रिकार्ड की यथाशीघ्र बीडिंग कराये जाने एवं प्रशासनिक सुधार विभाग के निर्देशानुसार साफ-सफाई कराये जाने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। निरीक्षण दल के प्रभारी द्वारा संबधित कार्यालयों के कार्यालयाध्यक्षों को कार्यालय के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक नियमों एवं दिशा-निर्देशों की पालना किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।

