उदयपुरवाटी में 14 अप्रैल को धूमधाम से मनाई जाएगी सेन जयंती; भव्य शोभायात्रा की तैयारियां तेज
उदयपुरवाटी। (सुमेर सिंह राव) कस्बे में आगामी 14 अप्रैल को आराध्य देव सेन जी महाराज की 726वीं जयंती हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। इस महोत्सव को लेकर सेन समाज के लोगों द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
- शाम 5:15 बजे निकलेगी भव्य शोभायात्रा
सेन समाज के नवनियुक्त संरक्षक कैलाश मावतवाल एवं अनिल सुनारीवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को कस्बे के सेन मंदिर से शाम 5:15 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ कस्बे के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः सेन मंदिर पहुँचेगी, जहाँ महाआरती और प्रसाद वितरण का आयोजन होगा।
- सम्मान में बंद रहेंगे व्यावसायिक प्रतिष्ठान
संरक्षक कैलाश मावतवाल के अनुसार, सेन जयंती के प्रति श्रद्धा और एकजुटता प्रकट करने के लिए कस्बे के सभी सेन समाज बंधु अपने-अपने निजी प्रतिष्ठान और दुकानें बंद रखेंगे। समाज के सभी महिला, पुरुष और युवा वर्ग अपने काम-काज से अवकाश लेकर शोभायात्रा में सम्मिलित होंगे।
अनिल सुनारीवाल ने बताया कि 726वीं जयंती को ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के लोग जुटे हुए हैं। मुख्य मार्गों पर शोभायात्रा के स्वागत और सजावट की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आयोजन समिति ने समाज के समस्त प्रबुद्धजनों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं।


