कलेक्ट्रेट पर आंगनबाड़ी कर्मियों का बड़ा प्रदर्शन; मुख्यमंत्री के नाम स्थायीकरण और मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन; उग्र आंदोलन की चेतावनी
भीलवाडा (राजकुमार गोयल) भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध ’भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ, भीलवाड़ा’ के बैनर तले आज सैकड़ों आंगनबाड़ी बहनों ने कलेक्ट्रेट के बाहर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री, राजस्थान सरकार के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी विभिन्न मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई और आंदोलन की चेतावनी दी गई।
संघ की जिलाध्यक्ष रजनी शक्तावत ने बताया कि वर्षों की सेवा के बाद भी आंगनबाड़ी कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर मिलने वाली बीमा राशि नहीं दी जा रही है, जो कि अधिकारियों की घोर लापरवाही को दर्शाता है।
महामंत्री कमलेश हाडा ने बताया कि ज्ञापन में - (1) सेवा में स्थायीकरण किया जाए, (2) सेवानिवृत्ति की आयु सीमा बढ़ाकर 65 वर्ष की जाए, (3) मानदेय बढ़ाकर 13,500 रुपये किया जाए, (4) अन्य लंबित समस्याओं का समाधान हो आदि मांगे की गई।
इस अवसर पर संघ के संरक्षक एवं भा.म.स. प्रदेश विधि सलाहकार प्रभाष चौधरी, भा.म.स. जिला मंत्री हरीश सुवालका ने अपने संबोधन में सरकार को चेताया कि आंगनबाड़ी बहनों की जायज मांगों पर समय रहते उचित निर्णय लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।


