छेडछाड की घटना की शिकायत पडी भारी, मारपीट के बाद उपचार के दौरान मौत
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के एक गांव में छेड़छाड़ की घटना के बाद शिकायत करना एक परिवार को बेहद भारी पड़ गया। आरोपियों के घर शिकायत करने गए पिता और ताऊ पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। इस हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर जयपुर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव लाया गया, जिसके बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मृतक की बेटी ने पूरे घटनाक्रम को विस्तार से बताते हुए कहा कि 20 अप्रैल को वह अपने पिता के साथ गांव में साइकिल ठीक करवाने गई थी। जब उसकी साइकिल बन रही थी, तब उसके पिता पास की दूसरी दुकान पर चले गए। इसी दौरान गांव के ही चार युवक वहां आ गए और उससे जबरन दोस्ती करने की बात करने लगे। उन्होंने उससे अभद्र और अश्लील बातें कीं। एक आरोपी ने उसे मोबाइल फोन देने का लालच देकर बात करने का दबाव बनाया। लड़की द्वारा मना करने पर आरोपियों ने उसे धमकाया कि अगर उसने उनकी बात नहीं मानी तो वे गांव में उसकी बदनामी कर देंगे। डर की वजह से उसने उस समय किसी को कुछ नहीं बताया।
पीड़िता ने बताया कि अगले दिन, 21 अप्रैल को शाम करीब 6 बजे वह जंगल में शौच के लिए गई थी। इसी दौरान वही आरोपी वहां पहुंच गए और उसे घेर लिया। आरोप है कि उन्होंने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसके शरीर को गलत तरीके से छूने लगे। लड़की के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद वह घर पहुंची और पूरी घटना अपने परिवार को बताई।
घटना से आक्रोशित होकर 22 अप्रैल को उसके पिता और ताऊ मुख्य आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद आरोपियों और उनके परिवार के लोगों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में पिता को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जयपुर रेफर किया गया। कई दिन तक इलाज चलने के बाद सोमवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।


