सूपा में बृजेन्द्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, गहलोत का भाजपा पर तीखा प्रहार—‘लोकतंत्र खतरे में, एजेंसियों का हो रहा दुरुपयोग’
बयाना (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) बयाना उपखंड के गांव सूपा में पूर्व विधायक और पूर्व राज्य मंत्री स्वर्गीय बृजेन्द्र सिंह सूपा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस कार्यक्रम में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शिरकत की और मंच से भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
चिलचिलाती गर्मी के बावजूद कार्यक्रम में भारी जनसैलाब उमड़ा। सूपा गांव पूरी तरह राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन गया। गहलोत के पहुंचने से पहले ही रास्ते में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर हजारों की भीड़ ने इसे एक विशाल रैली का रूप दे दिया।
- “देश का लोकतंत्र खतरे में है… केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है…”
जनसभा को संबोधित करते हुए अशोक गहलोत ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और अर्थव्यवस्था की बजाय धर्म और जुमलेबाजी की राजनीति कर रही है। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार को “पर्ची सरकार” बताते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, जबकि पुलिस व्यवस्था कमजोर हो गई है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता के मुद्दों की बजाय अपनी कुर्सी बचाने में लगी है।
सभा में गुर्जर आरक्षण आंदोलन, महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।
कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओं ने स्वर्गीय बृजेन्द्र सिंह सूपा को श्रद्धांजलि दी। अशोक गहलोत ने उनकी पत्नी से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस आयोजन में हजारों कार्यकर्ताओं और नेताओं की मौजूदगी ने कांग्रेस की क्षेत्रीय ताकत का प्रदर्शन किया।


