ग्राम रथ अभियान: नदबई की ग्राम पंचायतों में समस्याओं का मौके पर निस्तारण; लाभार्थियों के खिले चेहरे
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम छोर तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित एलईडी मोबाइल वैन 'ग्राम रथ अभियान' सोमवार को नदबई पंचायत समिति की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुँचा। इस दौरान आयोजित जनजागरूकता शिविरों में उपखंड अधिकारी सचिन यादव ने स्वयं मौजूद रहकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और मौके पर ही उनका समाधान सुनिश्चित करवाया।
प्रकरण 1: जनआधार कार्ड में बैंक खाता हुआ अपडेट (ग्राम पंचायत करही) ग्राम पंचायत करही में आयोजित शिविर के दौरान स्थानीय निवासी पूरन पुत्र अमरसिंह ने शिकायत की कि वह लंबे समय से अपने जनआधार कार्ड में बैंक खाते के अपडेशन के लिए परेशान हैं। मामला संज्ञान में आते ही उपखंड अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही विवरण सही कर बैंक खाता अपडेट किया गया।
प्रकरण 2: जन्म प्रमाण पत्र का त्वरित वितरण (ग्राम पंचायत गादौली) वहीं ग्राम पंचायत गादौली में आयोजित शिविर में बहादुर सिंह पुत्र सालिगराम ने अपने पुत्र अंकित सिंह के जन्म प्रमाण पत्र जारी न होने की समस्या रखी। उपखंड अधिकारी की तत्परता से अधिकारियों ने वांछित दस्तावेज जाँचकर मौके पर ही जन्म प्रमाण पत्र तैयार किया और लाभार्थी को सुपुर्द किया।
त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से गदगद होकर लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 'ग्राम रथ अभियान' जैसे कार्यक्रमों से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की मजबूरी खत्म हो रही है और काम घर के पास ही सुगमता से हो रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इस अभियान के माध्यम से कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति लाभान्वित हो सकें।


