रामगढ़ में श्रद्धा का सैलाब: 1100 महिलाओं ने उठाये कलश, रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले बाबा श्याम
रामगढ़ (अलवर/राधेश्याम गेरा)। कस्बे के बहादुरपुर रोड स्थित श्यामेश्वर धाम मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा वार्षिकोत्सव के तीसरे दिन आज भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। फूलों से सजे विशेष रथ पर सवार होकर बाबा श्याम ने नगर भ्रमण किया, जहाँ हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने पलक-पावड़े बिछाकर उनका स्वागत किया।
शोभायात्रा का शुभारंभ प्रातः 8:30 बजे विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। भक्ति के रंग में डूबी 1100 से अधिक महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर इस यात्रा की शोभा बढ़ाई। मंदिर प्रांगण से शुरू हुई यह यात्रा बलदेव जी हनुमान मंदिर, ईदगाह मोड़, सब्जी मंडी, मुख्य बाजार, थाना मार्ग और नगरपालिका के सामने से होते हुए पुनः मंदिर पहुँची।
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण बाबा खाटूश्याम की फूलों से सजी भव्य झांकी रही, जिसे श्याम भक्त पूरी श्रद्धा के साथ नंगे पैर अपने हाथों से खींच रहे थे। इसके साथ ही भगवान राम दरबार, भगवान शिव और माता पार्वती की मनमोहक झांकियों ने भी सभी का मन मोह लिया। पूरे मार्ग में 'जय श्री श्याम' के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
कस्बे के व्यापारियों और सामाजिक संस्थाओं ने शोभायात्रा का अभूतपूर्व स्वागत किया। मुख्य बाजार में श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई। सेवा कार्य के तहत जैन ज्वेलर द्वारा ठंडे पानी की बोतलें वितरित की गईं और पंजाबी समाज रामगढ़ द्वारा पुरानी तहसील के सामने श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
इस भव्य आयोजन की व्यवस्था श्री श्याम जन कल्याण सेवा समिति और श्याम सखा मंडल के सदस्यों द्वारा कुशलतापूर्वक संभाली गई। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। नायब थानेदार के नेतृत्व में पुलिस के जवान शोभायात्रा के साथ पैदल चलते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा।


