सावधान! SBI के नाम पर आ रहे इस मैसेज ने बढ़ाई धड़कनें; एक गलत क्लिक और साफ हो जाएगा बैंक खाता
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन । डिजिटल इंडिया के दौर में जहाँ बैंकिंग सेवाओं ने जीवन सुगम बनाया है, वहीं साइबर ठगों ने इसे खतरनाक मोड़ दे दिया है। इन दिनों क्षेत्र में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के करोड़ों ग्राहकों को निशाना बनाने के लिए एक 'खतरनाक जाल' बुना गया है। सोशल मीडिया पर एक फर्जी मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि यदि आपने तुरंत अपना आधार अपडेट नहीं किया, तो आपका YONO ऐप बंद हो जाएगा।
APK फाइल का 'जहरीला' लिंक
इस फर्जी मैसेज के साथ एक एपीके (APK) फाइल का लिंक भेजा जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि इस फाइल को इंस्टॉल कर आधार अपडेट किया जा सकता है। असल में, यह फाइल एक 'मैलवेयर' (वायरस) है, जिसे डाउनलोड करते ही साइबर अपराधी आपके फोन और बैंक खाते का पूरा कंट्रोल हासिल कर लेते हैं।
PIB और SBI ने जारी किया स्पष्टीकरण
प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने इस खबर का खंडन करते हुए इसे पूरी तरह फर्जी बताया है। बैंक अधिकारियों ने साफ किया है कि:
-
सरकार या SBI ने ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया है।
-
बैंक कभी भी फोन या वॉट्सऐप पर अज्ञात फाइल डाउनलोड करने के लिए नहीं कहता।
-
बैंक कभी भी आपसे आधार नंबर, बैंकिंग पासवर्ड या ओटीपी (OTP) की मांग नहीं करता।
सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि अनजान लिंक्स पर क्लिक करना आपकी प्राइवेसी और जमा पूंजी दोनों को खतरे में डाल सकता है। एक बार फोन हैक होने के बाद अपराधी आपकी निजी जानकारी चुराकर आर्थिक नुकसान पहुंचा सकते हैं।
सुरक्षित रहने के लिए इन बातों का रखें ध्यान:
-
ऑफिशियल स्टोर: ऐप हमेशा गूगल प्लेस्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें।
-
ब्रांच से संपर्क: किसी भी संदेह की स्थिति में सीधे अपनी होम ब्रांच जाएं या आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करें।
-
जल्दबाजी न करें: ठग अक्सर 'जल्दबाजी' और 'डर' पैदा करके गलती करवाते हैं। ठंडे दिमाग से सोचें।
-
यहाँ करें शिकायत: अगर आपको ऐसा कोई संदिग्ध ईमेल या मैसेज मिलता है, तो उसे तुरंत report.phishing@sbi.co.in पर भेजें।
Not:- एसबीआई जैसी बड़ी संस्थाएं ग्राहकों की गोपनीयता का पूरा सम्मान करती हैं। वे कभी भी अनौपचारिक या असुरक्षित तरीकों से जानकारी नहीं मांगेंगे। अगर चाहते हैं कि पैसा और आपकी पहचान सुरक्षित रहे, तो अनजान लोगों द्वारा भेजे गए संदेशों और प्रलोभनों से दूर रहें। डिजिटल युग में जागरूकता ही वित्तीय सुरक्षा की असली ढाल है, इसलिए सतर्क रहें और सुरक्षित बैंकिंग का लाभ उठाएं।


