डीग में द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन :परस्पर राजीनामें से लंबित प्रकरणों का होगा निस्तारण
डीग / नीरज जैन 8 मई। डीग जिले में द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 9 मई को किया जाएगा। इसके सफल संचालन के लिए जिला मुख्यालय पर दो बेंच गठित की गई हैं। प्रथम बेंच में जिला एवं सेशन न्यायाधीश हेमराज गौड़ अध्यक्ष होंगे, जबकि आनंद प्रकाश पटेल पैनल अधिवक्ता सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। द्वितीय बेंच में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेनू सकीत अध्यक्ष होंगी तथा तहसीलदार जुगीता मीणा व पैनल अधिवक्ता प्रवीण चौधरी सदस्य नियुक्त किए गए हैं।
लोक अदालत की पूर्व संध्या पर जिला एवं सेशन न्यायाधीश हेमराज गौड़ ने पोस्टर का विमोचन करते हुए बताया कि इसमें राजीनामा योग्य फौजदारी प्रकरण, सिविल व मोटर दुर्घटना दावे, राजस्व संबंधी मामले तथा प्रिलिटिगेशन प्रकरणों का आपसी सहमति से निस्तारण किया जाएगा। इसमें बैंक, बिजली विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़े मामलों को भी शामिल किया गया है।
उन्होंने अधिक से अधिक प्रकरणों के राजीनामे के माध्यम से निस्तारण के लिए आमजन से भागीदारी का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला लोक अभियोजक राकेश खंडेलवाल, राजेंद्र शर्मा, सोना गौतम, भरत सिंह, अमरजीत सिंह सहित न्यायिक कर्मचारी मौजद रहे।


