मदर्स डे पर 'चर्चा चाय पर' में वैचारिक मंथन: एक माँ जागेगी, तो समाज की 9 समस्याएं भागेंगी; IMCC INDIA द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ज्वलंत सामाजिक मुद्दों पर हुआ प्रहार
भीलवाड़ा, (राजकुमार गोयल) अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब (IMCC) भारत द्वारा मदर्स डे के अवसर पर भीलवाड़ा स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में 'चर्चा चाय पर' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। "9 समस्याएं, 1 समाधान – माँ का ज्ञान" विषय पर आयोजित इस वैचारिक वार्ता में समाज की कुरीतियों और आधुनिक समस्याओं पर गहराई से मंथन किया गया।
\कार्यक्रम के दौरान समाज की 9 ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा हुई, जिनमें मोबाइल की लत (रील बनाम रियल), बढ़ते वृद्धाश्रम, जंक फूड का खतरा, शादियों में फिजूलखर्ची, धैर्य की कमी, लैंगिक भेदभाव, पर्यावरण संरक्षण, सास-बहू के रिश्ते और शिक्षा की अंधी दौड़ शामिल रहीं। सभी वक्ताओं ने एकमत होकर माना कि इन सभी समस्याओं का एकमात्र समाधान 'माँ का ज्ञान, माँ का प्यार और माँ का संस्कार' है।
-
ममता मोदानी (राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, महिला संगठन): उन्होंने कहा कि माँ समाज की पहली पाठशाला है। आज चाय की चुस्की के साथ जो वैचारिक क्रांति शुरू हुई है, वह हर घर को संस्कारित करेगी।
-
अनिता सोडाणी (राष्ट्रीय महासचिव, IMCC): उन्होंने जोर देकर कहा कि "जब माँ जागेगी तो 9 समस्याएं अपने आप भागेंगी।" मोबाइल से दूर होकर बच्चों को समय देना ही सबसे बड़ा समाधान है।
-
डॉ. सुमन सोनी (प्रदेश अध्यक्ष): उन्होंने बच्चों के लिए 'जादू की झप्पी' और संस्कारों को अंकों (नंबरों) की दौड़ से ऊपर बताया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी माताओं ने सामाजिक सुधार के लिए 9 संकल्प लिए, जिनमें प्रतिदिन एक घंटा 'मोबाइल मुक्त' रहना, रविवार को 'दादा-दादी दिवस' मनाना और प्लास्टिक मुक्त जीवन के लिए कपड़े के थैले का प्रयोग करना जैसे महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं। कार्यक्रम में डॉ. चेतना जागेटिया, कान्ता मेलाणा, एडवोकेट नीलम दरगड़, डॉ. राखी राठी एवं इंदिरा सोमानी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। मंच संचालन श्रीमती कान्ता मेलाणा ने किया तथा आभार डॉ. चेतना जागेटिया ने व्यक्त किया।


