पाली जिले के चारों MSP खरीद केन्द्रों पर गेहूं खरीद कार्य सुव्यवस्थित रूप से जारी, किसानों को मिल रहा त्वरित भुगतान एवं बेहतर सुविधाओं का लाभ
तखतगढ़ (बरकत खान) भारतीय खाद्य निगम के भारतीय खाद्य निगम अजमेर मंडल कार्यालय के अधीन जिला पाली में संचालित गेहूं खरीद केन्द्र — तखतगढ़, सांडेराव, सुमेरपुर एवं बाली — पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीद कार्य पूर्ण पारदर्शिता, सुव्यवस्थित प्रबंधन एवं किसान हितैषी व्यवस्था के साथ निरंतर संचालित किया जा रहा है। खरीद केन्द्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सतत मॉनिटरिंग एवं समन्वय किया जा रहा है।
चारों खरीद केन्द्रों पर किसानों के लिए छाया, पेयजल, त्वरित तुलाई, गुणवत्ता परीक्षण, ऑनलाइन पंजीकरण सत्यापन एवं सुचारू आवक व्यवस्था जैसी सुविधाओं को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। सम्पूर्ण खरीद प्रक्रिया डिजिटल प्रणाली एवं बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से संपादित की जा रही है, जिससे खरीद प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय एवं किसान हितैषी बनी हुई है। किसानों के भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में समयबद्ध रूप से हस्तांतरित किए जा रहे हैं।
सुमेरपुर केन्द्र की महिला गुणवत्ता निरीक्षक कौशल कुमारी, बाली केन्द्र के गुणवत्ता निरीक्षक चेतन प्रकाश यादव तथा तखतगढ़ एवं सांडेराव केन्द्रों के गुणवत्ता निरीक्षक दिलीप स्वामी द्वारा किसानों से सतत संवाद स्थापित करते हुए खरीद प्रक्रिया को सरल एवं सहज बनाया गया है। किसानों को गुणवत्ता मानकों की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है, जिससे खरीद कार्य में पारदर्शिता एवं गति बनी हुई है।
इसके अतिरिक्त चारों केन्द्रों पर नियुक्त भुगतान प्रभारियों — जलदीप कुमार, सिद्धार्थ शंकर शर्मा, निखिल मिश्रा एवं जॉन्टी सिंह — द्वारा किसानों के भुगतान कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित गति से संपादित किया जा रहा है, जिससे किसानों में संतोष एवं विश्वास का वातावरण बना हुआ है।
सभी खरीद केन्द्रों पर नियुक्त हथलन एवं परिवहन ठेकेदारों द्वारा खाद्यान्न उठाव कार्य भी तीव्र गति से किया जा रहा है। परिणामस्वरूप खरीदा गया गेहूं समय पर सुरक्षित रूप से भण्डारगृहों तक पहुंचाया जा रहा है तथा केन्द्रों पर आवक एवं उठाव के मध्य संतुलन बनाए रखा गया है।
खरीद केन्द्रवार प्रगति विवरण
सांडेराव खरीद केन्द्र पर कुल 551 कृषकों द्वारा 6400 मीट्रिक टन गेहूं हेतु पंजीकरण करवाया जा चुका है। इनमें से 255 किसानों से 2278 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद कर ₹6,22,96,462 का भुगतान किया जा चुका है। साथ ही 2022 मीट्रिक टन खाद्यान्न का उठाव कर सुरक्षित रूप से भण्डारगृह तक पहुंचाया जा चुका है।
तखतगढ़ खरीद केन्द्र पर कुल 1254 कृषकों द्वारा 15611 मीट्रिक टन गेहूं हेतु पंजीकरण करवाया गया है। इनमें से 371 किसानों से 2844 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद कर ₹7,77,99,810 का भुगतान किया जा चुका है। साथ ही 2803 मीट्रिक टन खाद्यान्न का उठाव कर भण्डारगृह तक पहुंचाया जा चुका है।
सुमेरपुर खरीद केन्द्र पर कुल 589 कृषकों द्वारा 6395 मीट्रिक टन गेहूं हेतु पंजीकरण करवाया गया है। इनमें से 266 किसानों से 1935 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद कर ₹5,29,33,190 का भुगतान किया जा चुका है। साथ ही 1900 मीट्रिक टन खाद्यान्न का उठाव कर सुरक्षित रूप से भण्डारगृह तक पहुंचाया जा चुका है।
बाली खरीद केन्द्र पर कुल 338 कृषकों द्वारा 2442 मीट्रिक टन गेहूं हेतु पंजीकरण करवाया गया है। इनमें से 177 किसानों से 955 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद कर ₹2,61,21,985 का भुगतान किसानों के खातों में हस्तांतरित किया जा चुका है। साथ ही 900 मीट्रिक टन खाद्यान्न का उठाव कर भण्डारगृह तक पहुंचाया जा चुका है।
जिला पाली का संयुक्त खरीद आंकड़ा
जिला पाली के चारों खरीद केन्द्रों का संयुक्त आंकड़ा देखें तो अब तक कुल 2732 कृषकों द्वारा 30848 मीट्रिक टन गेहूं हेतु पंजीकरण करवाया जा चुका है। इनमें से 1069 किसानों से कुल 8012 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है तथा किसानों को कुल ₹21,91,51,447 का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित किया जा चुका है। साथ ही कुल 7625 मीट्रिक टन खाद्यान्न का उठाव कर सुरक्षित रूप से भण्डारगृहों तक पहुंचाया जा चुका है।
अजमेर मंडल के मंडल प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम किसानों को पारदर्शी, सरल एवं भरोसेमंद खरीद व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी केन्द्रों पर नियमित निरीक्षण, गुणवत्ता नियंत्रण एवं भुगतान व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है ताकि किसानों को MSP योजना का अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की सुविधा एवं संतुष्टि भारतीय खाद्य निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
खरीद व्यवस्था से संतुष्ट किसानों ने भी भारतीय खाद्य निगम की व्यवस्थाओं की सराहना की। किसान चेलाराम मीणा ने बताया कि केन्द्रों पर किसानों को व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा गेहूं की तुलाई एवं भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से हो रही है। कृषक अचल सिंह ने कहा कि केन्द्र पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का व्यवहार सहयोगात्मक है तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। किसान भीम सिंह ने खरीद व्यवस्था को सुव्यवस्थित बताते हुए कहा कि समय पर तुलाई एवं भुगतान होने से किसानों को आर्थिक राहत मिल रही है। वहीं कृषक करण सिंह ने कहा कि भारतीय खाद्य निगम द्वारा की जा रही MSP खरीद किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है तथा इससे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है।
भारतीय खाद्य निगम परिवार द्वारा इस सफल एवं व्यवस्थित खरीद व्यवस्था हेतु राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही स्थानीय प्रशासन, राजस्व विभाग, कृषि उपज मंडी प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा खरीद कार्य को सुचारू रूप से संचालित कराने में प्रदान किए गए अतुलनीय सहयोग हेतु समस्त प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया गया है।


