डीग को सिंचाई परियोजनाओं की बड़ी सौगात: ERCP से जुड़ेगा जिला, 21 गांवों के खेतों तक पहुंचेगा पानी

May 12, 2026 - 19:24
 0
डीग को सिंचाई परियोजनाओं की बड़ी सौगात: ERCP से जुड़ेगा जिला, 21 गांवों के खेतों तक पहुंचेगा पानी

डीग (नीरज जैन) राज्य सरकार किसानों के उत्थान और सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में सोमवार को ग्राम परमदरा में जल संसाधन विभाग की लगभग 24 करोड़ रुपये तथा 9 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत वाली तीन प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं का भव्य लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में प्रदेश के जल संसाधन एवं जल संसाधन (आयोजना) मंत्री व प्रभारी मंत्री भरतपुर एवं डीग सुरेश सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अध्यक्षता प्रदेश के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने की। 
कार्यक्रम के दौरान डीग तहसील एवं जिले में किसानों की सुविधा के लिए ककड़ा चैनल (आर.डी. 0 से 8500 मीटर) के जीर्णोद्धार तथा गुड़गांव कैनाल सिंचाई परियोजना के अंतर्गत टेल डिस्ट्रीब्यूटरी (चैन 0 से 220) और इसकी माइनर्स के पुनरुद्धार कार्यों का विधिवत लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया।

इसके अतिरिक्त, बजट घोषणा के अंतर्गत डीग डिस्ट्रीब्यूटरी की दिदावली, परमदरा एवं डीग सब-माइनर के पुनरुद्धार कार्य का शिलान्यास भी किया गया। इन परियोजनाओं के मूर्तरूप लेने से जल का रिसाव रुकेगा और टेल तक के खेतों में अधिकतम पानी सुगमता से पहुँच सकेगा।

  • मरु प्रदेश से हरित प्रदेश बन रहा है राजस्थान: जल संसाधन मंत्री

समारोह को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने बताया कि इन सिंचाई परियोजनाओं से क्षेत्र के 21 गांवों की 4350 हेक्टेयर कृषि भूमि को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान मरु प्रदेश से हरित प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।

 डीग जिले के विकास पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गृह राज्य मंत्री की मांग पर डीग जिले को भी ईआरसीपी योजना (संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना) से जोड़ दिया गया है, जिससे चम्बल, कालीसिंध और पार्वती नदियों का पानी यहाँ आएगा और पेयजल व सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान होगा।

रावत ने पूर्ववर्ती सरकार पर कहा कि पहले पेपर लीक और दलालों के माध्यम से युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ, लेकिन वर्तमान सरकार ने एसआईटी का गठन कर युवाओं के मन में यह विश्वास जगाया है कि अब उनकी मेहनत का पूरा प्रतिफल उन्हें मिलेगा।

हर खेत को पानी, हर घर में पानी, हर हाथ को रोजगार के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने लखपति दीदी योजना को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया। ब्रह्मा जी की नगरी पुष्कर से आने का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में बृज भूमि का नव-निर्माण हो रहा है।  बेढ़म को कर्मशील नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में डीग में जितने कार्य हुए हैं, उतने पूर्व के पाँच सालों में भी नहीं हुए। उन्होंने किसानों से आगामी 23 से 25 मई तक जयपुर में आयोजित होने वाले वृहद किसान मेले (ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट) में भाग लेकर आधुनिक व जैविक खेती की तकनीकें सीखने और ग्राम रथ अभियान का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।

  • खोहवाटी बनेगा विकसित नगर: गृह राज्य मंत्री

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुड़गांव कैनाल का पानी मिलने पर किसानों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि नगर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 1800 करोड़ रुपये के विकास कार्य और 100 से अधिक सड़कों का निर्माण प्रगति पर है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि कभी पिछड़ा माने जाने वाले खोहवाटी क्षेत्र को अब विकसित नगर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सीकरी बांध को चम्बल परियोजना से जोड़ने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राज्य में मादक पदार्थों की रोकथाम पर बोलते हुए  बेढ़म ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से नशे के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई हुई है, जिससे आमजन को भारी राहत मिली है।

विकास को केवल ढांचागत ही नहीं बल्कि मानसिक और शैक्षणिक भी बताते हुए उन्होंने कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा गाए गए लोकगीतों की सराहना की और कहा कि ये नव-ऊर्जा का संचार करते हैं। इसके साथ ही, सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मनाए जा रहे सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का कड़ा संदेश दिया। बेढ़म ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि ग्राम रथ अभियान के तहत 13 विभागों के अधिकारी सीधे आपके द्वार आ रहे हैं, अतः आगे आएं और योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन को समृद्ध बनाएं।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर मयंक मनीष, जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ, भाजपा जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा,उपाध्यक्ष सतीश बंसल,अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां, अतिरिक्त मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग डी.के. अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता बने सिंह, अधिशाषी अभियंता योगेश कुमार और सहायक अभियंता देवेंद्र सिंह उपस्थित थे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................