एसीबी की बड़ी कार्रवाई: सीमांकन के लिए 4500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया पटवारी भेजा गया जेल
नीमराना में सीमांकन के लिए 4500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए पटवारी धर्म सिंह चौहान को एसीबी ने अलवर स्थित एसीबी कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने पटवारी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
- रैवाना हल्का का अतिरिक्त प्रभार था
एसीबी जयपुर नगर तृतीय इकाई ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए पटवारी धर्म सिंह चौहान को गिरफ्तार किया था। आरोपी पटवारी वर्तमान में पटवार हल्का दौसौद, तहसील नीमराणा में पदस्थापित था और रैवाना हल्का का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहा था।
- सीमांकन के लिए मांगी जा रही थी रिश्वत
परिवादी दयाराम ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि ग्राम तलवाना स्थित उसकी भूमि के सीमांकन कार्य के लिए पटवारी द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के अनुसार, दयाराम ने 22 मई 2026 को भूमि सीमांकन के लिए आवेदन किया था।
- सत्यापन के बाद एसीबी ने की कार्रवाई
परिवादी ने बताया कि पटवारी ने सीमांकन कार्य के लिए 10 हजार रुपए और पूर्व में किए गए नामांतरण कार्य के बदले 5 हजार रुपए की मांग की थी। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद कार्रवाई की।पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद एसीबी ने आरोपी पटवारी को अलवर एसीबी कोर्ट में पेश किया। न्यायालय ने मामले की सुनवाई के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया।


