राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व ग्राम पंचायत इसरोता में आयोजित हुए जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को बताए कानूनी अधिकार
कठूमर (दिनेश लेखी) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) अलवर के निर्देशन एवं तालुका विधिक सेवा समिति, कठूमर के तत्वावधान में सोमवार को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कठूमर एवं ग्राम पंचायत इसरोता में विधिक जागरूकता मोबाइल वैन के माध्यम से जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
शिविर में पीएलवी योगेश चौहान, दीपक कुमार एवं वीरेंद्र कुमार ने राजस्थान पीड़ित प्रतिकर योजना, बाल विवाह निषेध अधिनियम, बाल श्रम उन्मूलन, श्रम विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा नागरिकों के विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत एवं विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना तथा आमजन को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने विभिन्न कानूनी विषयों पर जानकारी प्राप्त कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कराया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों तक विधिक जानकारी पहुंचाकर उन्हें सशक्त बनाना तथा न्याय प्राप्ति के लिए उपलब्ध कानूनी सुविधाओं से अवगत कराना रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


