शारीरिक शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग, कलेक्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल) भीलवाड़ा जिला कलेक्ट्रेट परिसर में शारीरिक शिक्षक (PTI) अभ्यर्थियों ने रिक्त पदों की संख्या बढ़ाने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की मांग को लेकर आंदोलनरत युवाओं ने मुख्यमंत्री, राज्यपाल और शिक्षा मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी पीड़ा व्यक्त की।
- कम से कम 5000 पदों पर निकाली जाए भर्ती
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवाओं ने बताया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में खेल शिक्षा की स्थिति को मजबूत करने और बेरोजगारों को राहत देने के लिए आगामी शारीरिक शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या कम से कम 5,000 से अधिक की जानी चाहिए। अभ्यर्थियों ने मांग की कि इस संबंध में नई विज्ञप्ति बिना किसी देरी के जल्द से जल्द जारी की जाए ताकि युवाओं का इंतजार खत्म हो सके।
- फर्जी अभ्यर्थियों पर हो सख्त कार्रवाई, SOG रिपोर्ट की मांग
ज्ञापन में अभ्यर्थियों ने पिछली शारीरिक शिक्षक भर्ती परीक्षा में बैठे संदिग्ध और फर्जी अभ्यर्थियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मांग की कि इस पूरे खेल की गहनता से जांच कर SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की रिपोर्ट को जल्द से जल्द सार्वजनिक किया जाए, ताकि फर्जी डिग्री और दस्तावेजों के सहारे नौकरी पाने की फिराक में बैठे दोषियों को बेनकाब किया जा सके और वास्तविक, मेहनती अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान लाडो स्पोर्ट्स एकेडमी के अध्यक्ष किशन मालावत, संजय खटीक, कल्पेश खटीक, पारस जाट, कैलाश माली सहित सैकड़ों की संख्या में शारीरिक शिक्षक अभ्यर्थी मौजूद थे। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी जायज मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।


