भाकपा की बैठक में प्रशासन की कार्यशैली पर जताया आक्रोश, विभिन्न मुद्दों को लेकर 25 जून को प्रदर्शन कर सौंपेंगे ज्ञापन
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) राजगढ़ की एक आवश्यक बैठक स्थानीय ब्राह्मण धर्मशाला में कॉमरेड रामजीलाल सैनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं और देश-प्रदेश में बढ़ती महंगाई व भ्रष्टाचार को लेकर प्रशासन व सरकार की कार्यशैली पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
महंगाई और पेपरलीक से आमजन व युवा त्रस्त: एडवोकेट बोहरा
बैठक में पार्टी सचिव कॉमरेड एडवोकेट मनोज कुमार बोहरा ने विचारणीय बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल तथा रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। चारों ओर भ्रष्टाचार फैला हुआ है। उन्होंने पेपरलीक के मुद्दों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षाओं के आए दिन पेपरलीक हो रहे हैं, जिसके कारण युवाओं का मनोबल टूट रहा है और बच्चों द्वारा आत्महत्या करने के मामले सामने आ रहे हैं, जो कि बेहद दु:खद है। आज बेरोजगारी के कारण युवा दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं और गरीब, मजदूर, किसान तथा मध्यम वर्ग का जीना दूभर हो गया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है।
युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ दुर्भाग्यपूर्ण: मोहनलाल शर्मा
इस दौरान कॉमरेड मोहनलाल शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चे कड़ी मेहनत करते हैं और परीक्षाओं के लिए पैसा खर्च करते हैं, जिससे सरकार को तो लाखों की आय होती है, लेकिन पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य अंधकार में डूब जाता है। हताशा में बच्चे खुदकुशी जैसा आत्मघाती कदम उठा रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
स्थानीय व्यवस्थाएं ठप, जगह-जगह कचरे के ढेर
बैठक में पार्टी के अन्य साथियों ने राजगढ़ तहसील की स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि राजगढ़ में बिजली, पानी और सफाई की कोई सुचारू व्यवस्था नहीं है। कस्बे में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन इस ओर आंखें मूंदे बैठा है। प्रशासन की इस बेरुखी को लेकर सभी सदस्यों ने गहरा रोष व्यक्त किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन सभी राष्ट्रीय व स्थानीय समस्याओं के समाधान हेतु आगामी 25 जून 2026 को एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शन पुराने हायर सेकेंडरी स्कूल के पास से शुरू होकर तहसील कार्यालय तक पहुंचेगा, जहां उपखंड अधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस आंदोलन में अलवर जिले के भाकपा पदाधिकारी भी मुख्य रूप से शिरकत करेंगे।
इस अवसर पर कॉमरेड मोहनलाल शर्मा, रामजीलाल, सचिव एडवोकेट मनोज कुमार बोहरा, नागपाल शर्मा, अवतार विजय, दिनेश कुमार चेयरवाल, गीतेश्वर गौड़, श्याम सुंदर टेलर सहित पार्टी के अनेक कार्यकर्ता और सदस्य मौजूद रहे।


