मकराना में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, 'निरोग रहने' के लिए उमड़ा जनसैलाब
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। आयुर्वेद, योग व प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी एवं होम्योपैथी (आयुष) विभाग तथा उपखण्ड प्रशासन, मकराना के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ब्लॉक स्तरीय समारोह पंचायत समिति परिसर में पूरी भव्यता के साथ आयोजित हुआ।
प्रातः 6 बजे मकराना के पूर्व विधायक श्रीराम भींचर, पुलिस उपाधीक्षक विक्की नागपाल और ब्लॉक आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश नापित ने महर्षि पतंजलि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
विभिन्न आसनों के साथ बताए स्वास्थ्य लाभ
समारोह में योग गुरु चंद्रकांत दाधीच और डॉ. सत्यप्रकाश ने उपस्थित जनसमुदाय को योगाभ्यास कराया। योग गुरु चंद्रकांत दाधीच ने योग प्रार्थना से शुरुआत करते हुए ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्टासन, उष्टासन, शशकासन, उत्तानमंडूकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्धहलासन और पवनमुक्तासन सहित अन्य योग क्रियाएं करवाईं। उन्होंने सीख दी कि हमेशा प्रसन्नचित मन से योग करना चाहिए, तभी इसका सही लाभ मिलता है।
इसके बाद डॉ. सत्यप्रकाश ने चक्रासन, सर्वांगासन, अर्धहलासन और मलासन जैसी क्रियाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि ये आसन गैस, मधुमेह, अपच और शरीर के भारीपन को दूर करने में बेहद उपयोगी हैं। योग सहयोगी हिमांशु जांगिड़ और उमा चौधरी ने मंच से इन क्रियाओं का सही तरीका प्रदर्शित किया।
"नियमित योग से दूर रहती हैं जटिल बीमारियां" : श्रीराम भींचर
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक श्रीराम भींचर ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रतिदिन योगाभ्यास करने से शरीर स्वस्थ रहता है और सुबह जल्दी उठने की आदत पूरे दिन तंदुरुस्ती बनाए रखती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में जब लोग योग से दूर हो रहे थे, तब बाबा रामदेव ने विभिन्न कैंपों के माध्यम से आमजन को इसके प्रति जागरूक किया और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे वैश्विक स्तर पर स्थापित किया। जो व्यक्ति मेहनत और नियमित योग करता है, बीमारियां उसके पास नहीं फटकतीं। उन्होंने सभी से दिनचर्या में योग को शामिल करने और खान-पान पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
तहसीलदार ने दिलाई योग को जीवन में ढालने की शपथ
कार्यक्रम के समापन पर तहसीलदार कृष्णा शर्मा ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को जीवन में नियमित रूप से योग करने और दूसरों को भी प्रेरित करने की सामूहिक शपथ दिलाई।
इस ब्लॉक स्तरीय समारोह में तहसीलदार कृष्णा शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक विक्की नागपाल, नोडल अधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश सैन, नगर परिषद के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अशफाक अहमद, स्वास्थ्य निरीक्षक देवेंद्र सिंह राठौड़, राउमावि के प्रधानाचार्य दुर्गा प्रसाद व्यास, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष जेके इंदौरा, नोरतराम नायक, कृष्णा दाधीच, नीरज जोशी, देवेश स्वामी, रवि मुरावतिया, मालचंद स्वामी, सुरेन्द्र जाखड़, गोविन्द स्वामी, मोहम्मद जुबैर, विष्णु सिंह चौहान, दीनदयाल माहेश्वरी, रामदेव पारिक, नवरत्न देव, डॉ. ऋचा सोलंकी, अब्दुल शकुर, मोहम्मद आदिल, भवानी शंकर, शकील अहमद, ललिता, धनराज सैनी, दिलीप सैनी, डॉ. पवन कुमार गोयल, सुनीता चौधरी, अब्दुल गफ्फार, दिनेश कुमार माली, अरुण दायमा सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, स्काउट एंड गाइड और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


