भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर क़मर चौधरी ने रविार को भरतपुर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विभिन्न नाला निर्माण एवं सड़क विकास कार्यों का मौका निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से समयबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने शीशम तिराहा, मॉडल रोड, काली बगीची, मथुरा बाईपास, गोलमोल बगीची, मुरवारा रोड, कुम्हेर गेट, सर्कुलर रोड, अनाह गेट एवं मण्डी चौराहा क्षेत्र में चल रहे सड़क एवं नाला निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने एवं समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए अधिकतम लंबाई तक नालों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए, जिससे वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
जिला कलक्टर ने कहा कि शहर के विकास से जुड़े कार्य आमजन की सुविधा से सीधे संबंधित हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों को शीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कालीबगीची पर नाला निर्माण कार्य को सारस होते हुए जलसंसाधन विभाग की मुख्य ड्रेन तक पानी निकासी के लिए व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने हीरादास पर सीवर लाइन को शिफ्टिग के लिए, खादी भंडार के पीछे लिंक रोड पर नाले को सीएफसीडी में मिलान कर पानी निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लिंक रोड का निर्माण डिवाडर के साथ इस प्रकार किया जाये कि सीएफसीडी के दोनों आरे बनने वाले रोड से कनेक्ट कर आमजन को वैकल्पिक मार्ग मिल सके।
जिला कलक्टर अधिकारियों के साथ गणेश मन्दिर से लेकर नीमदा गेट तक सीएफसीडी के विकास कार्य का पदैल निरीक्षण किया तथा नहर के दोनों ओर सड़क निर्माण एवं पानी निकासी में आ रहे अतिक्रमणों को तय समय में हटावाने के निर्देश दिए। उन्होंने गोपालपुरा रोड़ पर नाला निर्माण कार्य एवं अतिक्रमण हटाने के कार्य को तय समय में करने के निर्देश दिए। उन्होंने तोप चौराहे पर कार्य की धीमी गति पर संबन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय पर कार्य नहीं करने वाले संवेदक के खिलाफ कार्यवाही की जाये। उन्होंने मुरवारा रोड पर मंडी के पीछे नाला निर्माण कार्य एवं सड़क निर्माण का निर्धारित मानकों के अनुसार भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी के गेट पर नाला निर्माण कार्य को गति देने के लिए अतिरिक्त संसाधन लगाने एवं अतिक्रमणों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही कुम्हेर गेट के पास यातायात को डायवर्ट कर निर्माणाधीन नालों को जोड़ने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर भरतपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त कनिष्क कटारिया, नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई, भरतपुर विकास प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता योगेश माथुर, अधिशासी अभियंता डी.पी. शर्मा एवं बहादुर सिंह तथा नगर निगम के अधिशासी अभियंता राहुल कुमार एवं योगेश कुमावत उपस्थित रहे।