भव्य कलश यात्रा के साथ माचाड़ी में श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ शुरू, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) माचाड़ी ग्राम स्थित नंगेंश्वर धाम परिसर में सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ संगीतमय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का विधि-विधान से शुभारंभ हुआ। यह धार्मिक आयोजन 22 जून से 28 जून तक चलेगा।
कलश यात्रा के शुभारंभ से पूर्व नंगेंश्वर धाम आश्रम के श्री महंत माधवदास महाराज के सानिध्य में राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित सच्चिदानंद महाराज ने ध्वजा तथा श्रीमद्भागवत महापुराण का पूरे विधि-विधान और मंत्रोचार के साथ पूजन संपन्न कराया।
भक्तिमय धुनों पर झूमे श्रद्धालु
पूजन के पश्चात 501 महिलाओं ने अत्यंत उत्साह और श्रद्धा के साथ सिर पर मंगल कलश धारण कर भव्य शोभायात्रा निकाली। डीजे की भक्तिमय धुनों और भजनों के बीच निकली यह यात्रा नंगेंश्वर धाम आश्रम से प्रारंभ होकर पाटन चौराहा, रैणी चौराहा, बस स्टैंड और माचाड़ी बाजार सहित कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। इसके बाद यात्रा पुनः कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा के दौरान पूरे मार्ग में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। साथ ही, भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए ठंडे-मीठे शरबत और पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई।
प्रतिदिन दोपहर 12 से 4 बजे तक होगी कथा
यात्रा के समापन के बाद मुख्य कथा वाचक पंडित सच्चिदानंद महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ किया। प्रथम दिन उन्होंने भागवत महात्म्य का विस्तृत वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को इसके आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस सात दिवसीय ज्ञान यज्ञ में प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संगीतमय कथा का वाचन किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।


