निर्जला एकादशी पर धामेड़ा धाम में पीपल व बरगद का पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
श्री कृष्णा शिक्षा एवं ग्रामीण विकास समिति की पहल: ग्रामीणों ने लिया 'एक परिवार, तीन देव वृक्ष' लगाने का संकल्प
नारायणपुर (भारत कुमार शर्मा) उपखण्ड की अग्रणी संस्था 'श्री कृष्णा शिक्षा एवं ग्रामीण विकास समिति' द्वारा संचालित "पर्यावरण महायज्ञ" अभियान के अंतर्गत गुरुवार को निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम क्षेत्र की प्रसिद्ध तपोस्थली श्री श्री 1008 श्री पीर संज्यानाथजी महाराज की पावन भूमि धामेड़ा धाम में संपन्न हुआ, जहां प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया गया।
- 11 फीट ऊंचे बरगद और पीपल का रोपण
संस्था के सचिव सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में धामेड़ा धाम परिसर में एक पीपल तथा 11 फीट ऊंचे विशालकाय बरगद के पौधे का पूरे विधि-विधान से रोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया गया। अभियान से प्रेरित होकर वहां मौजूद सभी लोगों ने 'एक परिवार, तीन देव वृक्ष' के सिद्धांत को अपनाने और अधिक से अधिक पेड़ लगाकर उनकी नियमित देखभाल (परवरिश) करने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों में पर्यावरण के प्रति अलख जगाने के लिए विशेष प्रेरक पंक्तियां भी प्रस्तुत की गईं, जो इस प्रकार हैं:
- बरगद पीपल गूलर लगाएं, धरती का श्रृंगार, धामेंडा धाम पुकारता, करें प्रकृति उपकार।।
- पीर संज्यानाथजी की, यही अमर सौगात, पेड़ों की सेवा से बने, जीवन सुंदर बात।।
प्रकृति को हरा-भरा बनाने के इस पुनीत कार्य में एलएसए धर्मपाल यादव, प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता गुगनसिंह शेखावत, रामनिवास गोवल्या, अन्नू शेखावत, गोरा सहित क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य नागरिक और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने संस्था के इस "पर्यावरण महायज्ञ" अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा की।


