मकराना में पल्स पोलियो अभियान सफल: 55,859 बच्चों को पिलाई गई सुरक्षा की 'दो बूंद'
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। मकराना ब्लॉक में सघन पल्स पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत संचालित तीन दिवसीय विशेष अभियान मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के दौरान 0 से 5 वर्ष की आयु के कुल 55,859 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए 472 टीमों का गठन किया गया था। अभियान के पहले दिन पोलियो बूथों पर टीकाकरण किया गया, जबकि दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य कर्मियों की टीमों ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर दस्तक दी। इस दौरान उन बच्चों को विशेष रूप से चिह्नित कर खुराक पिलाई गई जो किसी कारणवश पहले दिन बूथ पर नहीं पहुंच सके थे। पूरे अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने निरंतर निगरानी रखी। ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेंद्र बधाला, बीपीएम आरिफ मंसूरी, ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर नरेश पुरी गोस्वामी तथा सेक्टर हेल्थ सुपरवाइजर अनवर हुसैन ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों की सक्रियता के चलते अभियान का संचालन पूरी तरह व्यवस्थित रहा।
अभियान की सफलता पर विभागीय अधिकारियों ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों, आशा सहयोगिनियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय आमजन का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही मकराना ब्लॉक में टीकाकरण का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया गया है। साथ ही, उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे भविष्य में भी अपने बच्चों के नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूक रहें और स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।


